विशाखापत्तनम। विशाखापत्तनम में खेला गया भारत और वेस्ट इंडीज के बीच रोमांचक वनडे मुकाबला टाई रहा। मैच में टीम इंडिया ने विराट कोहली के नाबाद 157 रनों की बदौलत 50 ओवरों में 6 विकेट पर 321 रन बनाए। जवाब में वेस्ट इंडीज टीम ने भी 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 321 रन बनाते हुए मुकाबला टाई करा दिया।
Second ODI between India-West Indies, Tie, Shay Hopp scored an unbeaten 123 not out
वेस्ट इंडीज को जीत के लिए आखिरी गेंद पर 5 रन चाहिए थे और शाई होप ने उमेश यादव की गेंद पर चौका जड़ते हुए मैच टाई करा दिया। बड़े लक्ष्य के आगे वेस्ट इंडीज की शुरूआत खराब रही थी, लेकिन हेटमेयर (94 रन, 64 गेंद, 4 चौके और 7 छक्के) और शाई होप (नाबाद 123 रन, 134 गेंद, 10 चौके और 3 छक्के) ने शानदार पारी खेलते हुए भारत को टाई के लिए मजबूर कर दिया।
आखिरी के दो ओवरों का रोमांच
विंडीज को जीत के लिए आखिरी 12 गेंदों में 20 रनों की जरूरत थी। 49वां ओवर मोहम्मद शमी ने किया। इस ओवर शमी ने कसी बोलिंग की और सिर्फ 6 रन दिए। आखिरी ओवर में विंडीज को जीत के लिए चाहिए थे 14 और गेंद उमेश यादव के हाथ में थी। विदर्भ एक्सप्रेस नाम से मशहूर इस बोलर ने 5 गेंदों में कसी बोलिंग की और एक विकेट भी हासिल किया, लेकिन आखिरी गेंद पर शाई होप को चौका लगाने से नहीं रोक सके।
वेस्ट इंडीज पारी का रोमांच
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंडीज टीम की शुरूआत बेहद खराब रही। ओपनर बल्लेबाज कायरन पॉवेल (18) मोहम्मद शमी की गेंद पर ऋषभ पंत के हाथों लपके गए। उन्होंने 20 गेंदों में 3 चौके लगाए। यह विकेट 36 रनों के टीम स्कोर पर गिरा। वेस्ट इंडीज के स्कोर में अभी 28 रन और जुड़े थे कि चंद्रपॉल हेमराज (32) कुलदीप यादव की एक करिश्माई गेंद पर बोल्ड होकर पविलियन लौट गए। दो विकेट गिरने के बाद मैदान पर आए मार्लोन सैमुअल्स ने कुलदीप को चौका लगाकर तूफानी अंदाज में खाता खोला, लेकिन सिर्फ 13 रन ही बना सके। उन्हें भी कुलदीप यादव ने बोल्ड किया। यह विकेट 78 रनों के टीम स्कोर पर गिरा।

