अमृतसर। पुलवामा में आतंकी हमले के बाद भारत-पाक सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। अलबत्ता, अटारी सीमा पर बीएसएफ और पाक रेंजर्स की संयुक्त रिट्रीट सेरेमनी शुक्रवार को भी आम दिनों की तरह हुई। हालांकि, पाक रेंजर्स को देख कर बीएसएफ जवानों की आंखें गुस्से से सुर्ख दिखीं। बीएसएफ फ्रंटियर जालंधर के आइजी महीपाल यादव ने बताया कि पंजाब के बार्डर पर फिलहाल स्थिति सामान्य है। लेकिन, सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई दी गई है।
Security in the Indo-Pak border after the terrorist attack in Pulwama, increased security
दर्शकों के चेहरों पर भी दर्द और गुस्सा था
पुलवामा आतंकी हमले को लेकर दर्शकों के चेहरों पर भी जहां दर्द झलक रहा था, वहीं पाकिस्तान सरकार के खिलाफ गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था। भारतीय दर्शक दीर्घा में शुक्रवार को रिट्रीट सेरेमनी देखने वालों की संख्या 25 हजार के पार थी। एयरपोर्ट पर भी बढ़ाई गई सुरक्षा श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात सीआइएसएफ के कमांडेंट धर्मवीर यादव और एयरपोर्ट डायरेक्टर मनोज चंसूर्या ने शुक्रवार को आपात बैठक कर एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रबंधों का रिव्यू भी किया।
हाई अलर्ट पर रेलवे फिरोजपुर
आतंकी हमले को लेकर गृह मंत्रालय ने रेलवे को यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की एडवाइजरी जारी की है। इसको देखते हुए आरपीएफ ने यात्रियों व रेलवे परसंपत्तियों की सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। स्टेशनों पर आवागमन करने वाले सभी लोगों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। हालांकि रोजाना की तरह रेलगाड़ियों का परिचालन शुक्रवार को भी जारी रहा।
———-

