नई दिल्ली
प्रदेश में अभी कड़ाके की ठंड से राहत रहेगी। दरअसल, अरब सागर में एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसकी वजह से कई जगह बादल छाए हुए हैं। साथ ही प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सीहोर, राजगढ़, खंडवा, खरगौन, उज्जैन, देवास, आगर, नीमच, गुना, अशोकनगर व शिवपुरी जिले में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, आगामी 24 घंटे में ग्वालियर, चंबल, सागर व रीवा संभाग में हल्का कोहरा पड़ने की संभावना है। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा सहित समूचा उत्तर भारत इन दिनों भीषण ठंड और कोहरे की चपेट में है।
इस हालात से अगले तीन दिन तक राहत मिलने की संंभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तक हरियाणा के दक्षिणी हिस्से में शीत लहर तथा पंजाब और हरियाणा में कोल्ड डे कंडीशन तथा घने कोहरे की संभावना है। इस समय एक ट्रफ पश्चिमी तटों पर बनी हुई है। साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली उत्तर-पूर्वी हवाओं में भी हलचल बढ़ती दिखाई दे रही है।
देशभर में सर्दी का सितम जारी है।कई राज्यों में तो शीतलहर ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ी इलाकों में अगले एक सप्ताह तक बर्फबारी और हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर भारत के कई इलाकों में घना कोहरा और शीतलहर लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है।
इस बीच मौसम को लेकर जो बड़ी खबर सामने आई है वो ये कि राजधानी दिल्ली में सर्दी ने पिछले 22 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां पारा 6 डिग्री तक गिर गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिन में ठंड बनी रहेगी और हालात और भी अधिक बिगड़ेंगे क्योंकि क्रिसमस पर और अधिक ठंड पड़ने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान के 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
ये इलाके भी ठंड की चपेट में
दिल्ली ही नहीं बल्कि पड़ोस में स्थित नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम भी अत्यधिक ठंड की चपेट में है।
पहाड़ों पर बर्फबारी
मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर समेत हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के चलते कई इलाकों यातायात बाधित हो गया है।