TIO NEW DELHI
दिल्ली-एनसीआर में इतना कोहरा है कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। विजिबिलिटी काफी कम है। सड़क पर वाहन रेंग रहे हैं। वहीं, मौसम विभाग का कहना है कि आज से शीतलहर का प्रकोप और बढ़ जाएगा।
राजधानी दिल्ली के द्वारका और धौला कुआं में दृश्यता यानी विजिबिलिटी काफी कम है। विजिबिलिटी बेहद कम होने के चलते सड़कों पर गाड़ियों की लाइट जलाने पर भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को गाड़ी चलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कोहरे का असर रेल यातायात और फ्लाइट्स पर भी पड़ा है, कई फ्लाइट्स रद्द हो गई हैं। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर घना कोहरा होने के चलते कई उड़ानें रद्द हो गई। करीब 40 उड़ानें टेक ऑफ के इंतजार में हैं।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के पालम में आज सुबह 5:30 बजे 9.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो अगले 24 घंटों के दौरान 0.2 डिग्री तक गिरने की संभावना है। सफदरजंग में 8.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो अगले 24 घंटों के दौरान 1.2 डिग्री बढ़ने की संभावना है।हालांकि भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि 18 जनवरी की सुबह तक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है।
कोहरे के साथ प्रदूषण की भी मार
वहीं, दूसरी ओर दिल्ली-एसीआर में घने कोहरे के साथ प्रदूषण की भी मार पड़ रही है। देश की राजधानी दिल्ली में आज सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स(एक्यूआई) 492 मापा गया है।