नई दिल्ली
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन और तारीफ की है। थरूर ने बुधवार को कहा- एक वक्त जो हमारे मतदाता थे, कांग्रेस को वोट देते थे। अब वो नरेंद्र मोदी और भाजपा को वोट दे रहे हैं। हमें इस पर विचार करना होगा। कुछ दिन पहले थरूर ने मोदी की तारीफ करते हुए अपनी ही पार्टी को नसीहत दी थी। थरूर ने कहा था- अगर मोदी अच्छा काम करते हैं तो उनकी सराहना की जानी चाहिए। वैसे, थरूर के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश और अभिषेक मनु सिंघवी ने भी कहा था कि मोदी को हमेशा खलनायक की तरह पेश किया जाना गलत है।
भाजपा बढ़ गई, कांग्रेस पिछड़ गई
शशि थरूर ने बुधवार को मोदी पर दिए गए बयान पर सफाई दी। इसके पक्ष में आंकड़े भी दिए। थरूर ने न्यूज एजेंसी से कहा, “हमें यह विचार करना होगा कि लोग मोदी को वोट क्यों दे रहे हैं। 2014 और 2019 में हमें (कांग्रेस को) 19 फीसदी वोट मिले। मोदी के नेतृत्व में भाजपा को 2014 में 31 जबकि 2019 में 37 प्रतिशत वोट मिले। इनमें से ज्यादातर वोटर वो थे जो कभी कांग्रेस को वोट देते थे। अब भाजपा को पक्ष में मतदान कर रहे हैं।”
सच्चाई को समझना होगा
थरूर ने आगे कहा, “अब सवाल ये है कि जब तक आप ये नहीं समझेंगे कि हमारे वोटर हमसे दूर क्यों हुए? तब तक आप उन्हें वापस कैसे लाएंगे? मैंने मोदी की तारीफ नहीं की। मैं सिर्फ ये कह रहा हूं कि मोदी से लोग क्यों प्रभावित हैं, इसकी वजह समझिए। उन्होंने जो अच्छे काम किए हैं, उनकी तारीफ क्यों नहीं होनी चाहिए। नाकामियों को भी सामने लाया जाना चाहिए।”
कांग्रेस ने चुप्पी साधी
पिछली बार जब थरूर ने मोदी की तारीफ की तो केरल कांग्रेस ने तिरुवनंतपुरम के इस सांसद से स्पष्टीकरण मांगने का ऐलान किया था। इस पर भी थरूर ने अपने पार्टी के नेताओं से कहा था – मेरे विचारों का सम्मान करें, भले इससे सहमत हों या न हों। हालांकि, थरूर के ताजा बयान पर कांग्रेस ने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।