बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में आज शिवराज और ताई के नाम पर हो सकता है फैसला

0
407

भोपाल। बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की आज दिल्ली में बैठक है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान शामिल होंगे। आज की बैठक में करीब 8 सीटों के लिए नाम फायनल हो सकते हैं। लेकिन सबकी नजर भोपाल सीट पर लगी है कि पार्टी कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के मुकाबले किसे मैदान में उतारती है।

बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति आज फिर दिल्ली में बैठेगी। पार्टी अब तक 15 सीटों पर नाम एलान कर चुकी है, अब उसे 14 के लिए माथापच्ची करना है। इनमें लोकसभा चुनाव 2019 में हाई वोल्टेज सीट बन चुकी भोपाल सीट भी शामिल है। भोपाल सांसद आलोक संजर का टिकट कटना तय माना जा रहा है। कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह को इस सीट से खड़ा करने के बाद संजर की जगह किसी बड़े कद का नेता यहां से उतारने की तैयारी है। इस सूची में शिवराज सिंह चौहान का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। बीजेपी के मुखर विरोधी होने के कारण दिग्विजय सिंह के खिलाफ बीजेपी के कई नेता उनसे मोर्चा लेने के लिए तैयार हैं। पार्टी महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी कह चुके हैं कि अगर पार्टी उन्हें भोपाल से टिकट देती है तो वो तैयार हैं। दिग्विजय सिंह से चुनावी मुकाबला करने का मजा ही कुछ और रहेगा। साध्वी प्रज्ञा भी दिग्विजय सिंह के खिलाफ लड़ने की मंशा जता चुकी हैं। वी डी शर्मा और महापौर आलोक शर्मा के नाम की भी चर्चा है।

भोपाल के साथ इंदौर की सीट भी आज तय होने की उम्मीद है। यहां से लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन लगातार 8 बार से सांसद हैं। लेकिन इस बार वो पार्टी के 75 साल की उम्र के पैमाने में उलझ गयी हैं। बताया जा रहा है कि उनकी जगह कैलाश विजयवर्गीय और महापौर मालिनी गौड़ को टिकट दिया जा सकता है।

तीसरी महत्वपूर्ण सीट ग्वालियर है। कांग्रेस की ओर से अभी ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शिनी राजे को टिकट देने की मांग उठ रही है। इसलिए बीजेपी यहां से भी दमदार प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। अभी यहां से नरेन्द्र सिंह तोमर सांसद थे। इस बार उन्हें मुरैना से टिकट दे दिया गया है। उनकी जगह शिवराज सरकार में मंत्री रही माया सिंह या महापौर विवेक शेजवलकर को टिकट मिल सकता है।

पांच सांसदों के कट चुके टिकट
बीजेपी अभी तक अपने 5 सांसदों का टिकट काट चुकी है। अभी सागर, धार और खरगोन के सांसदों का टिकट कटना तय माना जा रहा है।