शिवराज की उज्जैन से शुरू होने वाली जन आशीर्वाद यात्रा की तैयारी पूरी, आज शाह दिखाएंगे हरी झंडी

0
674

भोपाल। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चौथी बार सत्ता में आने की इच्छा मन में लिए जन-आशीर्वाद यात्रा शुरू कर रहे हैं। उज्जैन से शुरू होने वाली इस यात्रा को भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस यात्रा के लिए दो भव्य रथ तैयार किए गए हैं, जिनका शुक्रवार को पूरे विधि-विधान के साथ पूजन किया गया। इनमें से एक रथ को उज्जैन के लिए रवाना किया गया है।
Shivraj will be ready for Jan Bann’s visit to start from Ujjain, today Shah will show green signal
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आए दोनों रथों का शंखध्वनि और मंत्रोच्चारण के साथ पूजन किया गया। उसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज पत्नीक साधना सिंह और अन्य नेताओं के साथ रथ पर सवार हुए। यह रथ आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, इसमें हाइड्रोलिक लिफ्ट भी है, जो मंच की तरह है। शिवराज इसके जरिये लोगों को संबोधित करेंगे।

भाजपा प्रदेश कार्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार उज्जैन में भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना के बाद 14 जुलाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जन-आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा राज्य के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों तक जाएगी। रथ के मंच से संबोधन के अलावा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री की एक-एक सभा होगी।

मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा 55 दिनों तक चलेगी। यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री लगभग 700 सभाओं को संबोधित करेंगे। यात्रा के लिए प्रदेश को दो भागों में बांटा गया है। एक भाग में विंध्य, बुंदेलखंड और महाकौशल को रखा गया है। दूसरे भाग में भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर-चंबल और मालवा-निमाड़ क्षेत्र हैं। मुख्यमंत्री हर सप्ताह चार दिन यात्रा में रहेंगे। दो दिन प्रदेश के एक हिस्से में और दो दिन प्रदेश के दूसरे हिस्से में। दो रथ जो तैयार किए गए हैं, वे अलग-अलग हिस्सों में चलेंगे। यात्रा का समापन 25 सितंबर को भोपाल में होने वाले कार्यकर्ता महाकुंभ में होगा।

उज्जैन में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की तीसरी जन आशीर्वाद यात्रा शाम 4 बजे शुरू होगी। इससे पहले 2008 और 2013 में विधानसभा चुनाव के पहले शिवराज उज्जैन से ऐसी ही यात्राएं शुरू कर चुके हैं। 2008 में भाजपा ने इसे विकास यात्रा नाम दिया था। शाह सभा स्थल से नानाखेड़ा चौराहा तक रथ में मुख्यमंत्री के साथ रहेंगे। यात्रा के रूट को होर्डिंग्स व बैनरों से पाट दिया गया है। इससे पहले नानाखेड़ा स्टेडियम में सभा भी होगी। इसे भव्य बनाने के लिए व्यापक पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। एक लाख 25 हजार लोगों की बैठक के हिसाब से व्यवस्थाएं की गई हैं। पांच डोम लगाए गए हैं। बारिश को देखते हुए पांचों पंडालों को वॉटर प्रूफ बनाया गया है।