मुंबई की बाढ़ में फंसी महालक्ष्मी एक्सप्रेस, 700 सवारियों की सांस अटकी, बचाने में जुटी एनडीआरएफ और नेवी की टीम

0
512

मुम्बई

मुंबई में एक बार फिर भारी बारिश होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। जगह-जगह जलभराव की वजह से वाहनों के आवागमन पर असर पड़ा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। जबकि पिछले 24 घंटों में मुंबई में 150 से 180 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

भारी बारिश के कारण बदलापुर के पास महालक्ष्मी एक्सप्रेस ट्रेन फंस गई है। इस ट्रेन में लगभग 2000 लोग सवार हैं जिन्हें निकालने का काम जारी है। राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया है। रेलवे की तरफ से यात्रियों को बिस्किट और पीने का पानी बांटा जा रहा है।

रेलवे सुरक्षा बल और शहर की पुलिस उस स्थान पर पहुंच गई है जहां ट्रेन खड़ी है। सूचना और जनसंपर्क के महानिदेशक बृजेश सिंह ने कहा कि बचाव के लिए तीन नौकाएं घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वह ट्रेन में ही रहें।

वहीं हवाई यात्रा करने वाले लोग भी परेशान हुए। मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एमआईएएल) के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार भारी बारिश के कारण विमान औसतन 30 मिनट देरी से उड़ान भर रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण सात उड़ानें रद्द की गई हैं और 17 विमानों को डायवर्ट किया जा चुका है। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा है कि अब एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य है। शहर में लगातार हो रही बारिश के बाद चेंबूर क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने शहर के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।

उधर, मुंबई के माटुंगा इलाके में भारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के तीन जिलों रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिये ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए अगले 24 घंटों में मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि हमने रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिये ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट प्राधिकारियों को तैयारियों के लिए सचेत करने, जबकि रेड अलर्ट खराब हालात के मद्देनजर उन्हें कार्रवाई करने का निर्देश देने के लिए होता है।

अधिकारी ने कहा कि मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है जबकि पालघर जिले के छिटपुट इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।

मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान रायगढ़, सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, पालघर में 26 और 28 जुलाई को रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार घंटों में ठाणे, रायगढ़ और मुंबई में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को समुद्र और पानी भरे हुए इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

पूर्व मंत्री नरोत्तम को मिली देशभर में वीवीआईपी सुरक्षा