मध्य प्रदेश विधानसभा परिसर में कांग्रेस का मौन धरना शुरू

0
352

TIO BHOPAL

28 दिसंबर को देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है। पार्टी के स्थापना दिवस से एक दिन पहले राहुल गांधी विदेश दौरे पर रवाना हो गए। पार्टी का कहना है कि वे व्यक्तिगत यात्रा पर रवाना हुए हैं। राहुल ऐसे समय पर विदेश यात्रा पर गए हैं जब एक तरफ देश में किसान आंदोलन चल रहा है वहीं दूसरी ओर पार्टी का स्थापना दिवस है। इसे लेकर केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनपर तंज कसा है। इसके अलावा पार्टी आज किसानों के समर्थन में तिरंगा यात्रा निकालेगी। पार्टी युवाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए ‘सेल्फी विद तिरंगा’ नाम का अभियान भी चलाएगी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस इधर अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है और राहुल जी ‘9 2 11’ हो गए!!’

तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ और दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विधानसभा परिसर स्थित गांधी प्रतिमा के समक्ष मौन धरना पर बैठ गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ सहित अन्य विधायक धरने में शामिल हुए। कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए विधायकों के अलावा किसी भी व्यक्ति को विधानसभा परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर विधानसभा जाने वाले रास्ते पर सभी को रोक दिया। विधानसभा के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी विधानसभा जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने कहा कि सरकार इतनी डरी हुई है कि वह किसानों की आवाज को उठाने ही नहीं देना चाहती है। यही वजह है कि कांग्रेस के प्रदर्शन के मद्देनजर भोपाल की सीमाओं को चारों तरफ से सील कर दिया गया है। यहां तक कि विधानसभा में विधायक अपने सहायक को लेकर तक नहीं जा सकते हैं। यदि कृषि कानून इतने ही किसान हितैषी हैं तो फिर किसान दिल्ली की सीमा पर इतनी ठंड में विरोध प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं।

कांग्रेस का स्थापना दिवस
कांग्रेस सोमवार को अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्यों ने पार्टी की राज्य इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन करें और युवाओं के साथ जुड़ने के लिए सोशल मीडिया अभियान ‘सेल्फी विद तिरंगा’ चलाएं। कोरोना वायरस के मद्देनजर शारीरिक दूरी का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस दौरान आंदोलन कर रहे किसानों के साथ एकजुटता भी दिखाई जाएगी। 

पार्टी के स्थापना दिवस पर राहुल गांधी ने कहा कि आज हम सच्चाई और समानता के अपने इस संकल्प को दोहराते हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘देश हित की आवाज उठाने के लिए कांग्रेस शुरू से प्रतिबद्ध रही है। आज कांग्रेस के स्थापना दिवस पर, हम सच्चाई और समानता के अपने इस संकल्प को दोहराते हैं। जय हिंद!’

उधर, प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर कमल नाथ ने कहा कि सरकार में आने पर हम ऐसा कानून लाएंगे की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कम पर बिक ही नहीं पाएगी। कांग्रेस ने हमेशा किसानों के हित में कदम उठाए हैं और किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन का पूर्ण समर्थन करती है। कार्यक्रम के बाद मध्य प्रदेश सेवादल ने किसानों के समर्थन में मार्च निकाला।