उत्तराखंड के मुनस्यारी में बर्फबारी, मध्‍य प्रदेश के रीवा, जबलपुर, शहडोल, सागर संभाग में बारिश के आसार

0
691

TIO

उत्तराखंड में पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से मैदानी इलाकों में ठंड काफी बढ़ गई है। साथ ही लोगों को यातायात में परेशानियां को सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, पर्यटकों के चेहरे पर यह बर्फबारी खुशी लेकर आई है।

उत्तर से आने वाली सर्द हवाओं के कारण मध्यप्रदेश में मंगलवार को जोरदार बारिश हुई। कई जगह ओले गिरे और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इससे मौसम में ठंडक घुल गई। दिन का पारा सबसे ज्यादा सागर में 10 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। इंदौर-भोपाल में भी पारा 9 डिग्री सेल्सियस की रिकॉर्ड गिरावट दर्ज हुई। दिन-रात के तापमान में कई जगह 4 डिग्री का अंतर रह गया। इससे चलने वाली शीतलहर ने लोगों को कंपकंपाया।

मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि 24 घंटे तक इसी तरह मौसम बना रहेगा। बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में कोहरा रहेगा, जबकि कई जगह गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

सबसे ठंडे दिन वाले इलाके

सागर के बाद भोपाल-इंदौर में दिन का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा गिर गए। इससे अधिकतम तापमान 18 से नीचे आ गया। ग्वालियर में भी तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 16.7 डिग्री पर आ गया। सागर में अधिकतम तापमान 10 डिग्री नीचे आकर 16.5 डिग्री पर रह गया। अलग-अलग स्थानों पर बने चार वेदर सिस्टम के कारण मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। पूर्वी मप्र के कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार को भी बादल बने रहने के साथ पूर्वी मप्र के रीवा, जबलपुर, शहडोल, सागर संभागों के जिलों में बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान कहीं -कहीं ओले भी गिर सकते हैं। हालांकि बुधवार को दोपहर के बाद राजधानी भोपाल सहित पश्चिमी मप्र में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है।