महेंद्रगढ़
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी शुक्रवार को महेंद्रगढ़ में रैली को संबोधित करने पहुंचने वाली थीं लेकिन यह कार्यक्रम अचानक ही रद्द हो गया। अब कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह के लिए वोट की अपील करने राहुल गांधी पहुंचेंगे। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सोनिया गांधी की यह रैली किन कारणों से रद्द हुई।
इस मौके पर प्रदेश के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा, कांग्रेस अध्यक्ष सैलजा सहित अन्य नेता भी पहुंचेंगे। गौरतलब है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अध्यक्षा की पहली रैली शुक्रवार को महेंद्रगढ़ में होनी थी। लेकिन शुक्रवार सुबह यह खबर आई है कि अब इस रैली को राहुल गांधी संबोधित करेंगे।
पूर्व सीपीएस राव दान सिंह महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। राव दान सिंह के प्रचार के लिए अभी कोई स्टार प्रचारक नहीं पहुंचा हैं। नामांकन के दिन पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा आए थे। आज की रैली खेल स्टेडियम में होनी है।