लॉकडाउन के तीसरे चरण की तैयारी के लिए प्रदेश सरकार की बैठक आज, किस जिले में क्या रियायत मिलती है, इसी पर सबकी नजर

0
230

TIO भोपाल

 देशभर में लॉकडाउन 17 मई तक बढ़ा दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है। मध्यप्रदेश में इसे कैसे लागू किया जाएगा, इसका खाका बनाया जा रहा है। आज रात तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसकी घोषणा कर सकते हैं। फेज-2 के आखिरी सप्ताह से मिली राहत से आम लोगों को जरूरत का सामान आसानी से उपलब्ध है। अन्य प्रदेशों में फंसे मजदूर भी घरों तक पहुंचने लगे हैं। इधर, बीते दो दिन से प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आई है। शुक्रवार देर रात तक 2761 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 147 की मौत हो चुकी है। मध्य प्रदेश में कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या 2770 पहुंच गई है, इससे अब तक 129 मौते हो चुकी हैं और करीब 425 लोग स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। इंदौर में कोरोना वायरस मरीजों की संख्या 1545 पहुंच चुकी है। भोपाल में 523, उज्जैन में 151 और जबलपुर में 92 संक्रमित मरीज मिले हैं। बुरहानपुर में शुक्रवार को आई रिपोर्ट में अब तक के सर्वाधिक 17 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। ये दाउदपुरा, मोमिनपुरा और आजादनगर निवासी हैं। नए मरीज दाउदपुरा के पॉजिटिव पूर्व पार्षद के स्वजन या उनके संपर्क में आए पड़ोसी व रिश्तेदार हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य मंत्रियों के साथ प्रदेश में रेड जोन के 9 जिले, ऑरेंज जोन के 19 और ग्रीन जोन के 24 जिलों के हालात पर चर्चा की। इन जिलों के प्रशासन का फीडबैक लिया। आज होने वाली बैठक में इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में तय हुआ है कि ग्रीन जोन के सभी 24 जिलों को भीतर से पूरी तरह से खोल दिया जाएगा, ऑरेंज जोन में छूट बढ़ाई जाएगी। वहीं, रेड जोन के भोपाल-इंदौर समेत बाकी जिलों में शादी समारोहों की छूट मिल सकती है। इसमें लड़का-लड़की के साथ 5 से 10 परिजन शामिल हो सकेंगे। कंटेनमेंट क्षेत्रों को छोड़कर बाकी में इलेक्टॉनिक सामानों की होम डिलीवरी की जा सकेगी।

नासिक से भोपाल लौटे 345 मजदूर, 1 लाख अभी भी फंसे

लॉकडाउन में फंसे लोगों की घर वापसी के लिए रेलवे ने 6 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं। इनमें नासिक रोड स्टेशन से 6 डिब्बों की ट्रेन 345 मजदूरों को लेकर शनिवार सुबह भोपाल आई। जिन लोगों के पास पैसे नहीं थे, उनके टिकट जिला प्रशासन ने खरीदे। दूसरे राज्यों में फंसे मध्यप्रदेश के करीब 40 हजार मजदूरों को राज्य सरकार बसों से आई है। अब 6 राज्यों में फंसे एक लाख छह हजार मजदूरों को वह ट्रेन के जरिए वापस लाएगी। मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को रेल मंत्री से बात कर 80 से 100 ट्रेनें मांगेंगे और रूट तय करेंगे।

इंदौर में 1545 कोरोना पॉजिटिव, 74 की मौत

इंदौर में कोरोना वायरस पॉजिटिव की संख्या 1545 पहुंच गई है, अब तक यहां इससे 74 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 229 मरीज स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। शुक्रवार को आई रिपोर्ट में शहर में 32 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं, साथ ही दो मौतों की पुष्टि भी हुई है। पॉजिटिव आए मरीजों में अधिकतर वे हैं जिनके रिश्तेदार पहले से क्वारंटाइन सेंटर या आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इंदौर में अब तक 8433 सैंपलों की जांच हो चुकी है। शहर में 1242 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को जिन दो मरीजों की मौत की पुष्टि की है उनमें से हरिजन कॉलोनी निवासी 55 वर्षीय महिला शामिल है। वह एनीमिया से भी ग्रस्त थी। एक मई को इनकी मौत हुई है। वहीं दूसरी मौत ताल मोहल्ला महू निवासी 55 वर्षीय महिला की हुई है। इनकी मौत 26 अप्रैल को हो चुकी थी। वे थायराइड से भी ग्रस्त थीं।

  • बुरहानपुर: विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा और उनके बड़े भाई राजेंद्र सिंह समेत 17 कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 14 लोग पहले संक्रमित मिले पूर्व पार्षद मोइनुद्दीन भैयालाल के सीधे संपर्क में आए थे। यहां कोरोना से दम तोड़ने वाली महिला राजेंद्रसिंह के घर के पास रहती थी। उसकी मौत 29 अप्रैल को हो गई थी, रिपोर्ट 1 मई को आई।
  • स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 2715 संक्रमित: इंदौर 1515, भोपाल 526, उज्जैन 147, जबलपुर 87, खरगोन 73, धार 49, खंडवा 46, रायसेन 57, होशंगाबाद 35, बड़वानी 26, देवास 26, रतलाम में 16, मुरैना 14, विदिशा 13, आगर मालवा 12, मंदसौर 24, शाजापुर 7, सागर और छिंदवाड़ा 5-5, ग्वालियर 5, श्योपुर 4, हरदा-अलीराजपुर-शहडोल में 3-3, रीवा-शिवपुरी और टीकमगढ़ में 2-2, बैतूल, डिंडोरी, बुरहानपुर, अशोकनगर एक-एक संक्रमित मिला। अन्य राज्य के 2 मरीज हैं।

    • अब तक 145 की मौत: इंदौर 72, उज्जैन 25, भोपाल 15, खरगोन और देवास में 7-7, खंडवा 6, होशंगाबाद में 3, रायसेन और मंदसौर 2-2, धार, जबलपुर, आगर मालवा, छिंदवाड़ा, अशोकनगर में एक-एक की मौत हो गई।
    • स्वस्थ्य हुए 524 मरीज: इंदौर 177, भोपाल 183, मुरैना और विदिशा 13-13, खरगोन 22, खंडवा 31, बड़वानी 18, होशंगाबाद 17, जबलपुर 7, उज्जैन 5, देवास में 7, शाजापुर 6, ग्वालियर 2, श्योपुर 4, छिंदवाड़ा और शिवपुरी 2-2, रायसेन और सागर में एक-एक मरीज स्वस्थ हुआ।  (स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1 मई को जारी बुलेटिन के अनुसार)