ब्रह्मपुरी-मौजपुर में पत्थरबाजी, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई सात

0
307

नई दिल्ली

दिल्ली के ब्रह्मपुरी और मौजपुर इलाके में तीसरे दिन भी पत्थरबाजी और हिंसक प्रदर्शन जारी है। आज सुबह ही कुछ इलाकों में उपद्रवियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। रविवार से शुरू हुई हिंसा में अब तक एक हेड कांस्टेबल समेत सात लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं एहतियात के तौर पर पांच मेट्रो स्टेशन, जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकुलपुरी, जौहरी एंक्लेव और शिव विहार बंद कर दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा दिल्ली हिंसा का मामला, वजाहत हबीबुल्लाह पहुंचे सुप्रीम कोर्ट

दिल्ली में सीएए को लेकर हाल ही में हुई हिंसा के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग करते हुए पूर्व सीआईसी वजाहत हबीबुल्लाह व अन्य ने उच्चतम न्यायालय का रुख किया। वजाहत हबीबुल्लाह, अन्य ने उच्चतम न्यायालय से शाहीन बाग और शहर के अन्य हिस्सों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्देश देने की मांग की है।उच्चतम न्यायालय ने कहा कि वजाहत हबीबुल्लाह और अन्य द्वारा दायर याचिका पर बुधवार को सुनवाई की जाएगी।

सीएम के घर पहुंच रहे अधिकारी विधायक

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पहुंच रहे विधायक और अधिकारी। मुख्यमंत्री ने दिल्ली हिंसा को लेकर अधिकारियों और विधायकों की आपात बैठक बुलाई है।

अमित शाह ने एलजी, सीएम केजरीवाल और राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों की बुलाई बैठक

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज दोपहर 12 बजे उपराज्यपाल अनिल बैजल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है।

पांच मेट्रो स्टेशन आज भी बंद

दिल्ली के कई इलाकों में चल रही हिंसा के कारण एहतियातन पांच मेट्रो स्टेशन, जाफराबाद, मौजपुर-बाबरपुर, गोकुलपुरी, जौहरी एंक्लेव और शिव विहार बंद कर दिए हैं। ट्रेनों को वेलकम मेट्रो स्टेशन पर ही रोक दिया जा रहा है, इससे आगे कोई मेट्रो नहीं जा रही है। ब्रह्मपुरी में आज सुबह हुई पथराव की घटना के बाद फ्लैग मार्च पर निकली रैपिड एक्शन फोर्स ने दो खोखे बरामद किए हैं।