बुरहानपुर में ताप्ती नदी खतरे के निशान से ऊपर, स्कूलों में छुट्टी

0
1571

बुरहानपुर

मध्य प्रदेश के कई जिलों में आसमान से आफत की बारिश बरस रही है। भारी बारिश के चलते कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। बुरहानपुर जिले में भी रातभर से भारी बारिश जारी है। बारिश के चलते ताप्ती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। फिलहाल ताप्ती नदी खतरे के निशान से डेढ़ मीटर ऊपर बह रही है। इसके चलते नदी किनारे के सभी घाट डूब गए हैं। प्रशासन ने निचली बस्तियों में अलर्ट जारी किया है। स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश में भारी बारिश की आशंका जताई है। ऐसे में अगर आज भी बारिश होती है तो यहां हालात बिगड़ सकते हैं।

रातभर से बारिश जारी, ताप्ती व अन्य नदियां उफनी

जिले में रातभर में करीब दो इंच बारिश हुई है। ताप्ती नदी का जलस्तर 123.800 मीटर पर पहुंच गया है। ताप्ती नदी के विभिन्न घाट डूब गए है। निचली बस्तियों में अलर्ट जारी कर बाढ़ के बढ़ते पानी पर निगरानी रखी जा रही है। राजघाट पर पुलिस ने लोगों की इंट्री बंद कर दी है। लगातार हो रही बारिश के चलते शहर की सड़कों पर भी पानी भर गया है। ऐसे में लोगों को अपने काम पर जाने में भी परेशानी हो रही है।