नियुक्ति / अमेरिका में भारत के राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला अगले विदेश सचिव होंगे, तरणजीत सिंह संधू यूएस में उनकी जगह लेंगे

0
308

नई दिल्ली

अमेरिका में मौजूदा भारत के राजदूत हर्षवर्धन श्रृंगला अगले विदेश सचिव होंगे। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मौजूदा विदेश सचिव विजय गोखले के रिटायर होने पर उनकी नियुक्ति की गई है। मुंबई में 1 मई, 1962 को जन्मे श्रृंगला भारत के 33वें विदेश सचिव होंगे। वे 1984 बैच के आईएफएस अफसर हैं। वहीं, 1988 बैच के आईएफएस अफसर तरणजीत सिंह संधू को अमेरिका में भारत का नया राजदूत बनाया गया है। वे श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त थे। संधू जुलाई 2013 से जनवरी 2017 तक वॉशिंगटन डीसी में भारत के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, श्रृंगला विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव रहते हुए बांग्लादेश, म्यांमार, मालदीव और श्रीलंका के प्रभारी रहे हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के तौर पर भी काम किया है। वे फ्रांस, वियतनाम, इजराइल और दक्षिण अफ्रीका में भी तैनात रह चुके हैं। वहीं अमेरिका में राजदूत बनाए गए संधू सितंबर 2011 से जुलाई 2013 तक फ्रैंकफर्ट में काउंसल जनरल ऑफ इंडिया रह चुके हैं। उन्होंने मार्च 2009 से अगस्त 2011 तक विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (संयुक्त राष्ट्र) और बाद में मानव संसाधन विभाग के संयुक्त सचिव के रूप में सेवाएं दी है। संधू जुलाई 2005 से फरवरी 2009 तक संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी राजदूत भी रहे हैं। उन्होंने 1997 से 2000 तक अमेरिका के भारतीय दूतावास में राजनीतिक सचिव के रूप में काम किया है।

एस. जयशंकर भी विदेश सचिव रहे

मौजूदा विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी 2016 से 2018 तक विदेश सचिव रहे हैं। नई दिल्ली में जन्मे जयशंकर की शिक्षा एयरफोर्स स्कूल और सेंट स्टीफेंस कॉलेज में हुई। उन्हें कुल 36 साल का राजनयिक अनुभव है। अमेरिका में भारत के राजदूत के तौर पर कार्यकाल खत्‍म होने से ठीक पहले विदेश सचिव बनाए गए जयशंकर भारत और अमेरिका के बीच परमाणु समझौते को लेकर हुई शुरुआती बातचीत करने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्‍य थे। उस दौरान वह विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव थे। वे मोदी की उस खास टीम का अहम हिस्‍सा रहे हैं, जिसने भारत-अमेरिका के बीच देवयानी खोबरागड़े विवाद को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई थी।