नई दिल्ली। आस्ट्रेलिया के गोल्डकोस्ट में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स में नौंवे दिन भी भारतीय खिलाड़ियों का जलवा कायम है। शुक्रवार की सुबह निशाने बाजी में भारत की तेजस्विनी सावंत ने गोल्ड और अंजुम मुदगिल ने सिल्वर मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया है। तेजस्विनी ने भारत के लिये यह 15वां गोल्ड मेडल जीता है इसके साथ ही कुल पदकों की संख्या अब 33 हो गयी है।
इस मुकाबले में भारत की तेजस्विनी ने कुल 457.9 अंक हासिल किया यह कॉमनवेल्थ गेम्स में रिकॉर्ड है इस उपलब्धि के साथ तेजस्विनी ने गोल्ड मेडल पर अपना कब्जा जमाया। वहीं अंजुम ने 455.7 अंकों के साथ सिल्वर मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया। इस मुकाबले में स्कॉटलैंड की सियोनेड मिकतोश 444.6 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं उन्हें ब्रांज मेडल से संतोष करना पड़ा।
इसके पहले कॉमनवेल्थ गेम्स के 8वें दिन भारतीय पहलवानों के नाम रहा। भारत ने 8वें दिन कुश्ती में 2 गोल्ड, 1 सिल्वर और 1 ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किये। खेल का 8वां दिन खत्म होने तक भारत पदक तालिका में तीसरे स्थान पर बना हुआ है। पदक तालिका में आॅस्ट्रेलिया 63 गोल्ड के साथ शीर्ष पर, जबकि इंग्लैंड 28 गोल्ड मेडल के साथ दूसरे स्थान पर काबिज है। आज खेल के नौंवे दिन भारत को अभी भी मुक्केबाजों से मेडल जीतने की आस रहेगी।