राजस्थान-एमपी के 2 शहरों में पारा 2.6° और 3.8°:UP में सर्दी से 3 लोगों की मौत; जम्मू-कश्मीर के 5 जिलों में एवलांच की चेतावनी

0
79

TIO नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ

देश के कई राज्यों में शीतलहर चल रही है। राजस्थान में मंगलवार को उत्तरी हवाओं के असर से सर्दी और तेज हो गई। सीकर जिले का फतेहपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री पर पहुंच गया। सीजन में पहली बार पचमढ़ी में तापमान इतना कम हुआ है। मौसम विभाग ने कहा है कि नए साल की शुरुआत तक राज्य के कुछ हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। सुबह के समय हल्का से घना कोहरा छाने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज समेत 50 से ज्यादा जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य है। गोरखपुर में गुरुवार सुबह से बादल छाए हैं। सड़कों पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है। पिछले 3 दिनों के दौरान सर्दी से 3 लोगों की मौत हो चुकी है।

जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी के बाद बुधवार रात सिर्फ बादल छाए रहे। इससे सर्दी में कमी आई। अधिकतर इलाकों में रात का तापमान बढ़ा और पारा शून्य से ऊपर दर्ज किया गया।

हालांकि, तापमान बढ़ने से पहाड़ों पर जमी बर्फ घिसकने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने डोडा, गांदरबल, किश्तवाड़, पुंछ और रामबन जिलों में एवलांच की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, 24 घंटों में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में एवलांच हो सकता है।

मौसम सी जुड़ी तस्वीरें..

जम्मू में बुधवार सुबह का तापमान 8°C दर्ज किया गया। सुबह कोहरा भी छाया।
जम्मू में बुधवार सुबह का तापमान 8°C दर्ज किया गया। सुबह कोहरा भी छाया।
यूपी के प्रयागराज में पिछले 10 दिनों से लगातार घना कोहरा छा रहा है।
यूपी के प्रयागराज में पिछले 10 दिनों से लगातार घना कोहरा छा रहा है।
दिल्ली के कर्तव्य पथ पर कोहरे-धुंध के बीच 26 जनवरी के परेड की रिहर्सल जारी है।
दिल्ली के कर्तव्य पथ पर कोहरे-धुंध के बीच 26 जनवरी के परेड की रिहर्सल जारी है।
यूपी के जौनपुर में गुरुवार सुबह सड़कों पर घने कोहरे की चादर छाई रही।
यूपी के जौनपुर में गुरुवार सुबह सड़कों पर घने कोहरे की चादर छाई रही।

अगले तीन दिन के मौसम का हाल…

26 दिसंबर: कोहरे बने रहने की संभावना, सर्दी कायम

  • पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ में घना से बहुत घना कोहरा बने रहने की संभावना।
  • जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तेज सर्दी और शीतलहर की स्थिति जारी।
  • पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी-बारिश से सर्दी और बढ़ सकती है।

27 दिसंबर: कोहरे का दायरा और फैलेगा, दिन में भी रहेगी धुंध

  • पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और मध्य प्रदेश में घना कोहरे की संभावना रहेगी।
  • जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में न्यूनतम तापमान में और गिरावट के साथ शीतलहर जारी रहेगी।
  • ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और बारिश से मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चल सकती हैं।

28 दिसंबर: ठंडी हवाएं बढ़ाएंगी सर्दी, रातें ज्यादा सर्द

  • पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में कोहरे के साथ ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। कोल्ड डे जैसी स्थिति रहेगी। दिन और रात का तापमान 7 डिग्री से कम हो तो उसे कोल्ड डे कहते हैं।
  • जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तेज हो सकती है, जबकि निचले इलाकों में बारिश के आसार हैं।