TIO
देश में संक्रमितों का आंकड़ा गुरुवार को 20 लाख के पार हो गया। चिंता की बात है कि इस बार केवल 21 दिनों में 10 लाख नए मामले सामने आए। इसके पहले 1 से 10 लाख मामले होने में 169 दिन लगे थे। इसी के साथ एक्टिव केसों की संख्या भी 6 लाख से ज्यादा हो गई है। मतलब अब देश में 6 लाख 3 हजार मरीज हैं जिनका इलाज चल रहा है जबकि 13 लाख 64 हजार 907 लोग ठीक हो चुके हैं। 41 हजार 512 लोगों की मौत हो गई है।
24 घंटे में रिकवरी रेट 2% की बढ़ोतरी के साथ 67% पर पहुंच गया है। मृत्यु दर में 1% की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृत्यु दर 2.10% बताई थी जो कि अब 2.09% हो चुकी है।
उधर, पश्चिम बंगाल के पूर्व परिवहन मंत्री श्यामल चक्रवर्ती की गुरुवार को संक्रमण से मौत हो गई। चक्रवर्ती 1982 से 1996 तक पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री के रूप में सेवाएं दे चुके थे। वे दो बार राज्यसभा सांसद भी रह चुके थे। उन्हें 30 जुलाई को संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मध्यप्रदेश: राज्य में बीते 24 घंटे में 652 नए मामले सामने आए और 17 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 35,734 हो गई है। इनमें 26,064 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 929 मरीजों की मौत हो गई।
महाराष्ट्र: राज्य में पिछले24 घंटे में संक्रमण के 10,309 नए मामले सामने आए। इसी के साथ मरीजों की संख्या बढ़कर 4,68,265 हो गई। संक्रमण से 334 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 16,476 लोग जान गंवा चुके हैं। बुधवार को 6,165 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। राज्य में अब तक 3,05,521 लोग ठीक हो चुके हैं। 1,45,961 लोगों का अभी इलाज चल रहा है।