शिवराज सिंह चौहान की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव; भोपाल में 4 डॉक्टर समेत 177

0
634
  • देश में संक्रमितों की संख्या 14 लाख के पार, पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 49,931 मामले आए सामने

TIO BHOPAL/NEW DELHI

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कोरोना की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। हालांकि, उनके अब तक किए गए शेष सभी टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य है। उन्होंने रविवार को अस्पताल से ही कोरोना समेत अन्य विभागों के अधिकारियों और मंत्रियों से चर्चा की। इधर, सोमवार को भोपाल में 4 डॉक्टर समेत 177 और इंदौर में 127 नए केस सामने आए हैं। भोपाल और इंदौर में सोमवार को नस केस आने के बाद संक्रमितों की संख्या राज्य में 28154 हो गई है। इसमें अभी आज सुबह के अन्य जिलों के आंकड़े शामिल नहीं हैं।

अब प्रदेश में संक्रमितों का आंकड़ा 28 हजार के पार पहुंच गया है। रविवार को सबसे ज्यादा 874 नए मामले मिले थे। अब तक 19132 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस 7857 हैं। रविवार को 13752 सैंपल में से 12 हजार 878 की रिपोर्ट निगेटिव निकली। रविवार को 12 कोरोना संक्रमितों के दम तोड़ने से प्रदेश में 811 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। कटनी में 2 अगस्त और छतरपुर में 31 जुलाई तक टोटल लॉकडाउन किया गया है।

भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 14 लाख को पार कर गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 49,931 नए मामले सामने आए हैं। यह एक दिन में संक्रमितों की संख्या में हुई सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। इस दौरान 708 लोगों ने इस खतरनाक वायरस से अपनी जान गंवाई है। वहीं, देश में अब तक कुल 14,35,453 लोग कोविड-19 से संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 9,17,568 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 4,85,114 है। साथ ही इस वायरस से अब तक 32,771 लोगों की मौत हुई है।

 

कोरोना अपडेट्स
भोपाल में 177 नए केस
सोमवार को राजधानी में फिर 177 नए केस सामने आए। रविवार को 199 मरीज मिले थे। नए संक्रमितों में जीएमसी के दो डॉक्टर समेत कुल 4 डॉक्टर भी पॉजिटिव निकले। रविवार को कुल 77 मरीज ठीक होकर घर पर भी पहुंचे। भोपाल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 5720 हो गई है। रविवार को 4 लोगों की कोरोना से मौत भी हुई।

इंदौर जिले में 127 नए मामले
127 नए मामले आने के बाद यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या 6985 तक पहुंच गई है। 4699 संक्रमित के ठीक होने के बाद एक्टिव केस 1982 हैं। उधर, 39 संक्रमित रोगियों को कल स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। क्वारैंटाइन सेंटर से भी अब तक 5045 संदिग्धों को स्वस्थ होने पर घर जाने दिया है।

शिवपुरी में सभी 139 रिपोर्ट निगेटिव
शिवपुरी में आज सभी 139 कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं और अभी तक 219 कोरोना संक्रमित मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। आज तक कुल 267 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। शिवपुरी में शनिवार से रविवार की रात तक लॉकडाउन किया गया है।

सागर में आज सात पॉजिटिव मरीज
सागर जिले के सात लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के अनुसार संक्रमितों में एक डॉक्टर भी शामिल है। जिले में मरीजों की संख्या 600 पर पहुंच गई है, जबकि स्वस्थ होकर घर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या भी 500 के करीब है।

दमोह जिले में मिले 32 पॉजिटिव केस
दमोह जिले में आज 32 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें 19 पुरूष और 12 महिलाएं हैं। एक अन्य मरीज की जानकारी अप्राप्त है।

अशोकनगर के कोरोना संक्रमित शिक्षक की अस्पताल में मौत
अशोकनगर जिले के निवासी कोरोना संक्रमित 45 वर्षीय शिक्षक की आज भोपाल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिला प्रशासन के अनुसार कोरोना संक्रमण के कारण अब तक जिले के तीन लोग जान गंवा चुके हैं। कोविड-19 से संक्रमित शिक्षक यहां की त्रिलोकपुरी कालोनी में रहते थे। दस दिन पहले तेज सर्दी-खांसी होने के बाद कोरोना की जांच में वह पॉजिटिव आए थे। जिला अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें भोपाल रैफर किया गया था। भोपाल के हमीदिया अस्पताल में आठ दिन तक भर्ती रहने के बाद आज सुबह उनकी मौत हो गई।

सीहोर जिले में 16 कोरोना पॉजिटिव मिले
सीहोर जिले में आज 16 व्यक्तियों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है, इनमें आठ व्यक्ति सीहोर नगर के हैं। पॉजिटिव आने वालों में सीहोर नगर के सुभाष नगर से 3 व्यक्ति, पलटन एरिया से 2, वर्कशॉप मंडी से 1 और बड़ी ग्वालटोली से 2 व्यक्ति हैं। श्यामपुर विकास खंड के तहत चांदबड़ और गुडभेला से 1-1 व्यक्ति, बुदनी के बकतरा से 1, इछावर स्थानीय से 2, आष्टा के सांई कालोनी, भंवरा, आष्टा के वार्ड नंबर 17 से 1-1 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। अब तक छह पॉजिटिव व्यक्तियों की उपचार के दौरान मृत्यु हो चुकी है।