भोपाल। मेट्रो और मोनो रेल को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। नगरीय विकास विभाग के अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने भोपाल और इंदौर में मेट्रो का सिर्फ पहला चरण पूरा करने का फैसला किया है, लेकिन इसके बाद के चरण में बनने वाले मेट्रो रूट को रद्द किया जाएगा। मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत भोपाल में पांच रूट और इंदौर में तीन रूट पर मेट्रो चलाने की योजना थी। पहले चरण में भोपाल में दो रूट और इंदौर में एक रूट का काम शुरू हुआ है।
The state government’s major decision, the first phase of Bhopal-Indore Metro will be completed, the rest will be canceled
सूत्रों के मुताबिक पहले चरण के बाद बचे बाकी शहर में मेट्रो की बजाय मोनो रेल लांच करने पर विचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसके लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर दोनों ही शहरों के घने इलाकों में मोनो रेल चलाने की योजना पर काम किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही डीपीआर बनाने का काम शुरू किया जा सकता है। मुख्यमंत्री और अधिकारियों के बीच चर्चा के बाद इस पर सैद्धांतिक फैसला ले लिया गया है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद कमलनाथ ने अधिकारियों को मोनो रेल चलाने पर विचार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद हिताची कंपनी ने नगरीय विकास विभाग के अधिकारियों को एक प्रेजेंटेशन देकर मोनो रेल के बारे में बताया था। हिताची कंपनी के प्रतिनिधि इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी मुलाकात कर चुके हैं। अधिकारियों ने इस बारे में बुधवार शाम को मुख्यमंत्री कमलनाथ से बातचीत की। इस बैठक में तय हुआ कि मेट्रो और मोनो रेल दोनों के साथ आगे बढ़ा जाए। इंदौर-भोपाल में पहले चरण के मेट्रो का काम शुरू हो चुका है।
25 फीसदी सस्ती होगी मोनो रेल
हिताची कंपनी ने जो प्रेजेंटेशन विभाग के अधिकारियों को दिया है, उसके तहत मोनो रेल, मेट्रो के मुकाबले 25 फीसदी सस्ती पड़ेगी। मोनो रेल प्रोजेक्ट पर सरकार का पैसा भी कम लगेगा।
घनी आबादी में मोनो रेल अच्छा विकल्प
अधिकारियों के मुताबिक घनी आबादी वाले इलाकों में मोनो रेल मेट्रो की तुलना में बेहतर विकल्प हो सकती है, क्योंकि मेट्रो के लिए ज्यादा जगह चाहिए होती है, जबकि मोनो रेल सिर्फ पिलर खड़े कर छोटे गर्डर पर चलती है।
भोपाल मेट्रो के तीन रूट रद्द होंगे
भोपाल में पांच रूट पर मेट्रो बनाने का प्रस्ताव है। जिस पर 21 हजार करोड़ रुपए का खर्च आना है। अभी पहले चरण में करोंद चौराहे से एम्स और डिपो चौराहा से रत्त्नागिरी चौराहा तक बनने वाले रूट के लिए पहले चरण का काम शुरू हो गया है, इसकी लागत 6962 करोड़ रुपए है। पहले चरण के दो रूट पर काम पूरा किया जाएगा और बाकी बचे तीन रूट पर मेट्रो चलाने की योजना रद्द कर दी जाएगी।
इंदौर के दो रूट होंगे रद्द
इंदौर में तीन रूट पर मेट्रो ट्रेन चलनी थी। पहले चरण में रूट नंबर तीन का 31 किमी लंबा ट्रैक तैयार करने का काम शुरू हो रहा है। जिस पर करीब 7 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह चरण पूरा होगा, लेकिन अन्य दो रूट रद्द करने का फैसला हो गया है। इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट की कुल लागत 15 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा है।

