राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत

0
263

नई दिल्ली

फिरोजाबाद में राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। टूंडला क्षेत्र के गांव राजा का ताल के समीप ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर है। कार सवार चार लोग आगरा से फिरोजाबाद की ओर आ रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

चारों लोग कार में बुरी तरह फंस गए। इनमें तीन की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कटर से काटकर सभी को बाहर निकाला। घायल को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। उनकी कार का नंबर आगरा का बताया गया है। पुलिस इसके बारे में जानकारी करने का प्रयास कर रही है।