इंदौर। इंदौर जिले की 9 सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के टिकट पर भाग्य आजमा रहे 18 प्रत्याशियों के पास 450 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है। एक प्रत्याशी को छोड़कर सभी करोड़पति हैं। किसी के पास सिर्फ आठ लाख रुपए की संपत्ति है तो किसी ने 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति आयोग में दिए शपथ पत्र में घोषित की है। संपत्ति के मामले में कांग्रेसी भाजपा से आगे नजर आ रहे हैं। 18 में से 12 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनके पास पांच करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।
Total assets of Congress-BJP 18 candidates more than 450 crore
कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा संपत्ति एक नंबर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे संजय शुक्ला के पास है। शुक्ला दंपति की कुल संपत्ति करीब 140 करोड़ रुपए है। इसके बाद कांग्रेस से ही चुनाव लड़ रहे सुरजीतसिंह चड्ढा हैं। उनकी कुल संपत्ति साढ़े 82 करोड़ है। संपत्ति के मामले में सत्यनारायण पटेल भी पीछे नहीं हैं। उनकी संपत्ति करीब 76 करोड़ है। कांग्रेस के टिकट पर देपालपुर से चुनाव लड़ रहे विशाल पटेल के पास भी 70 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां हैं। इसी तरह जीतू पटवारी भी 16 करोड़ 60 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं।

