देश में कुल संक्रमितों की संख्या 9152 हुई, अब तक 308 की मौत

0
170

TIO  नई दिल्ली

 देश में लॉकडाउन के बीच कोरोना संक्रमितों और मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 35 लोगों की मौत हुई है। कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 9152 हो गई है। इनमें 7987 सक्रिय हैं, 856 स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 308 लोगों की मौत हो गई है। आज नागालैंड में कोरोना का पहला मामला सामने आया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के आगरा में 30, गुजरात में 22, मध्यप्रदेश के इंदौर में 22, राजस्थान में 11 और मुंबई के धारावी में चार नए मामले आए हैं।

इंदौर में 22 नए मामले

मध्यप्रदेश में कोरोना का हॉटस्पॉट बने इंदौर में आज 22 नए कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं और एक मरीज की मौत हो गई है। इसी के साथ मृतकों की संख्या 33 हो गई है। वहीं, 11 सौ से अधिक सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजे गए हैं, जिससे पॉजिटिव मरीज बढ़ने की संभावना है। जिले में बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए कोविड-19 अस्पताल बढ़ाए जा रहे हैं।

भोपाल के हर्षवर्धन नगर का एंट्री प्वाइंट सील

मध्यप्रदेश के भोपाल में हर्षवर्धन नगर के एंट्री प्वाइंट (प्रवेश स्थल) को कोरोना नियंत्रण क्षेत्र (कंटेनमेंट जोन) घोषित किए जाने के बाद अवरुद्ध कर दिया गया है। भोपाल में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 134 है और अब तक दो की मौत हो चुकी है। वहीं, मध्यप्रदेश में कोरोना से ठीक हो चुके व्यक्ति को पड़ोसियों के बुरे बर्ताव की वजह से मजबूरी में अपना घर बेचना पड़ रहा है। शिवपुरी निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि दूध वाला, सब्जी वाला सबको मना कर दिया। लोगकहते हैं जहां इनके कदम पड़ते हैं वहां से मत जाना कोरोना हो जाएगा।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजीजू लॉकडाउन के बीच पहुंचे कार्यालय

दिल्ली में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री किरेन रिजीजू ने आज से दोबारा ऑफिस आना शुरू किया। वह आज भारतीय खेल प्राधिकरण के कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने बताया कि आज केवल वरिष्ठ अधिकारी और न्यूनतम आवश्यक कर्मचारी ही कार्यालय में आए हैं। हम कोरोना को लेकर जारी सभी दिशानिर्देशों का पालन करेंगे।

केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने शुरू किया दफ्तर से काम, पीएम मोदी ने दिया था निर्देश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने दफ्तर से काम करना शुरू कर दिया है। पीएम मोदी के निर्देश के बाद केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, किरेन रिजिजू, अर्जुन मुंडा समेत कई मंत्री दफ्तर पहुंच गए हैं। भारतीय खेल प्राधिकरण में अपने दफ्तर पहुंचे केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि केवल वरिष्ठ अधिकारी और न्यूनतम आवश्यक कर्मचारी ही आज कार्यालय आएंगे। हम कोविड-19 के बारे में सभी दिशानिर्देशों का पालन करेंगे। वहीं, दिल्ली के शास्त्री भवन में भी अधिकारियों ने पहुंचना शुरू कर दिया है। अधिकारियों के शरीर के तापमान की जांच की जा रही है और उनकी गाड़ियों को सेनिटाइज किया जा रहा है।

 कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन की स्थिति पर गृह मंत्रालय ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि राज्य के भीतर सामान की आवाजाही पर रोक नहीं है। आवश्यक सामान बनाने वाली कंपनी या फैक्टरी में काम करने वाले मजदूरों को जिला प्रशासन की ओर से पास बनवाए जाएं। इंटर और इंटरा स्टेट ट्रांसपोर्ट में कोई समस्या नहीं है। गोदाम में सामान स्टोर किया जा सकता है।

रविवार को प्रेस कान्फ्रेंस में गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिल श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य सरकारों को सुनिश्चित करना है कि जरूरी सामान को बनाने वाले मजदूरों को सुचारु रूप से पास मिले जिससे इन यूनिट्स में बाधा न आए। उन्होंने ये भी कहा कि आजकल लॉकडाउन की वजह से वर्क फ्रॉम होम चल रहा है। सोशल मीडिया और डिजिटल ट्रांसजेक्शन का इस्तेमाल भी बढ़ गया है। ऐसे में साइबर सुरक्षा का मुद्दा काफी अहम है। इसीलिए गृह मंत्रालय ने ट्विटर पर एक साइबर दोस्त नाम से एकाउंट शुरू किया है। इसे फॉलो करते हुए लोग साइबर से जुड़ी सतर्कता इत्यादि के बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि हॉटस्पॉट क्षेत्र में आवश्यक सामान की घर घर जाकर डिलीवरी कराई जा रही है। इसके लिए वालंटियर्स व सिविल एजेंसियों का सहयोग ले रहे हैं। कुछ स्थानों पर भारतीय सेना के जवान भी आगे आए हैं। देश के कई गांवों में ये जवान जरूरी सामान लोगों तक पहुंचा रहे हैं।

40 से अधिक वैक्सीन को तैयार करने का काम जारी
आईसीएमआर की तरफ से डॉ मनोज मुरहेकर ने बताया कि 40 से अधिक वैक्सीन को तैयार करने का काम चल रहा है, लेकिन अभी तक कोई भी अगले चरण में नहीं पहुंचा है। उन्होंने बताया कि अभी तक कोरोना वायरस के लिए कोई भी वैक्सीन नहीं है।

सरकार ने 13 देशों के लिए हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन जारी करने की मंजूरी दी। भारत सरकार के मुख्य प्रवक्ता केएस धतवालिया ने बताया कि कुछ देशों ने भारत से हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन की आपूर्ति के लिए अनुरोध किया था। घरेलू आवश्यकता का आकलन करने और बफर रखने के बाद, सरकार ने 13 देशों के लिए हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन जारी करने की मंजूरी दी है। चीन, जापान और दक्षिण कोरिया में कोरोना मरीजों के ठीक होने के बाद उनमें फिर से वायरस के लक्षण देखे जाने वाले सवाल पर अग्रवाल ने कहा कि यह हमारे लिए भी चिंता का कारण है, इसलिए हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि हम सामाजिक दूरी का पालन जारी रखें।