मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गुरुवार को भी भारी बारिश होने की आशंका है। लोकल ट्रेनों का पूरी तरह से संचालन नहीं हो रहा है। वहीं स्कूल और कॉलेजों की छुट्टी कर दी गई है। बारिश के कारण कई उड़ाने रद्द कर दी गईं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में मुंबई और इसके आस-पास के इलाकों में तेज बारिश का अनुमान जताया है और ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें अधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
छत्रपति शिवाजी महाराज अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दूसरे दिन 30 उड़ाने रद्द की गई हैं। वहीं 118 उड़ानों ने गुरुवार को देरी से उड़ान भरी। लाइव फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार गुरुवार को 14 इनकमिंग और 16 आउटबाउंड उड़ानें रद्द की गईं। वहीं 118 ने देरी से उड़ान भरी। एक संक्षिप्त बयान में, मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने कहा कि परिचालन सामान्य हैं। इंडिगो ने उड़ानें रद्द की हैं।
गुरुवार को मुंबई में ट्रेन और सड़क परिवहन सामान्य हो गए हैं। बुधवार को भारी बारिश के कारण यातायात में खलल पड़ गया था। अधिकारियों ने कहा कि कुर्ला से कल्याण के बीच 12.15 बजे और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से गोरेगांव के बीच लगभग 12.15 बजे सेंट्रल लाइन शुरू हुई। विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर फंसे यात्रियों को निकालने के लिए मध्य रात्रि तक विशेष रेलगाड़ियों को चलाया गया। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने सेवाओं की बहाली को लेकर सुबह ट्वीट किया।
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के दो कर्मियों की बुधवार को पश्चिमी उपनगर गोरेगांव में भारी बारिश के दौरान पानी में गिरने से मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार की शाम को सिद्धार्थ नगर में हुई इस घटना में मारे गए कर्मियों की पहचान विजयेन्द्र सरदार बागड़ी (36) और जगदीश परमार (54) के तौर पर हुई है मुंबई के लगभग सभी हिस्सों में जल स्तर बढ़ गया है। एनडीआरएफ की टीमें अलर्ट पर हैं और उन्हें कुर्ला, परेल और अंधेरी में स्टैंड बाय पर रखा गया है।