अनंतनाग
जम्मू कश्मीर के अनंतनाग में रविवार शाम प्रदर्शनकारियों की पत्थरबाजी की वजह से एक ट्रक ड्रायवर की मौत हो गई है। मृतक ड्रायवर की पहचान नूर मोहम्मद के तौर पर हुई है। नूर मोहम्मद जब घर लौट रहा था तो प्रदर्शनकारियों ने उसके ट्रक को आर्मी ट्रक समझकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थरबाजी के दौरान एक पत्थर नूर के सिर पर आकर लग गया, जिसकी वजह से वह गंभीर रुप से घायल हो गया। बाद में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सामने आ रही जानकारी के मुताबिक नूर मोहम्मद जब घर के लिए वापस लौट रहा था तो 25 अगस्त को रात लगभग 8 बजे बिजबेहरा इलाके में उसके ट्रक पर पत्थर फेंके जाना शुरू हुए थे।
पुलिस के मुताबिक पत्थरबाजों ने पिछले दिनों स्थानीय लोगों पर भी पत्थर फेंक दिए थे। इसके चलते एक 11 साल की लड़की श्रीनगर के डाउन टाउन में घायल हो गई थी।
पत्थरबाजी करने वाले स्थानीय लोगों की पुलिस ने पहचान कर ली है। इसके साथ ही कुछ लोगों को इस मामले में पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है।
बता दें कि जम्मू कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने और उसे अलग केंद्र शासित राज्य बनाए जाने के विरोध में घाटी का ही एक वर्ग वहां के हालात को लगातार बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है।
यही वजह है कि अभी तक यहां बड़ी संख्या में सैन्य बल तैनात किया गया है। हालांकि जम्मू कश्मीर के ज्यादातर इलाकों में अब तक हालात सामान्य हैं।

