नदी में गिरा ट्रक, 5 लोगों की मौत

0
123

TIO दतिया

दतिया में एक मिनी ट्रक नदी में गिर गया। मिनी ट्रक में करीब 54 मजदूर सवार थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। सभी के शव निकाल लिए गए हैं। इनमें 3 शव बच्चों के हैं। 12 लोग घायल हैं, इनमें से दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा दुरसड़ा थाना अंतर्गत गांव बुहारा में बुधवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। ट्रक पुल पार कर रहा था, तभी बेकाबू होकर पलट गया।

कलेक्टर संजय कुमार ने बताया, बेटी की शादी के लिए एक परिवार ग्वालियर के भेलेटी गांव से टीकमगढ़ के जतारा गांव जा रहा था। सभी आयशर वाहन में सवार होकर मंगलवार रात में निकले थे। नदी पर नया पुल बन रहा है। आवाजाही के लिए रपटा बनाया गया था। बारिश के कारण रपटे पर एक से दो फीट पानी आ गया था। ड्राइवर ने रपटा क्रॉस करने की कोशिश की। परिवार ने मना भी किया, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। कुछ दूर जाकर ट्रक पलट गया। आयशर वाहन ट्रांसपोर्टेशन के लिए अधिकृत नहीं था।

इनके शव मिले…

  1. प्रशांत (18)
  2. गुंजन (5)
  3. ईसू (5)
  4. केरव (2)
  5. पांचों बाई (45)

पलभर में गाड़ी पलट गई और लोग बह गए

दुल्हन के चाचा विष्णु खटीक ने बताया कि भतीजी पूजा की शादी टीकमगढ़ के जतारा में थी। रात में गांव से निकले थे। रपटे पर पहुंचे तो पानी ऊपर से गुजर रहा था। ड्राइवर ने रपटे पर से गाड़ी निकाल दी। पलभर में ही गाड़ी पलट गई और लोग बह गए। कुछ गाड़ी में फंसे रहे। मैंने कई लोगों को बाहर निकाला। पास के गांव वालों ने मदद की। हादसे में चाची की मौत हो गई है। एक भजीता और दो भांजी समेत 5 की जान गई है।

मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख का मुआवजा

गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा, ‘खटीक समाज के लोग बलेहरी के रहने वाले हैं। बेटी की शादी करने जतारा (टीकमगढ़) मिनी ट्रक से जा रहे थे। बुहारा नदी में रपटे में ट्रक का पहिया उतर गया। ट्रक नदी में चला गया। 5 लोगों के शव निकाले गए हैं। इनमें एक 65 साल की महिला हैं। 18 साल का युवक है और बाकी 2 से 3 साल के बच्चे हैं। घायलों के इलाज कराया जा रहा है।’ मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।