भोपाल। बुंदेलखंड की महत्वपूर्ण केन-बेतवा लिंक परियोजना के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने बुधवार रात मुख्यमंत्री कमलनाथ से मुलाकात की। यह मुलाकात करीब 15 मिनट तक चली। उमा भारती बुधवार सुबह भोपाल आईं थीं। दोनों पक्षों की ओर से चर्चा को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई खुलासा नहीं किया गया है। इससे पहले बुधवार को राजधानी में पत्रकारों के साथ बातचीत में केंद्रीय मंत्री भारती ने कहा कि अटल सरकार के कार्यकाल में बनी पहली केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड के सबसे बड़े सूखा पीड़ित इलाके के लिए वरदान साबित होगी।
Uma met CM Nath on the Ken-Betwa link project issue of Bundelkhand, lasted for 15 minutes
उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हुआ था, फिर दोनों प्रदेशों के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री मप्र बाबूलाल गौर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बीच एमओयू साइन किया गया। भारती ने कहा कि मनमोहन सरकार के कार्यकाल में नदी जोड़ो अभियान का यह पहला प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था। अब केंद्र सरकार चाहती है कि आचार संहिता लगने से पहले इस पर काम शुरू हो। इसके लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें मप्र सरकार से बातचीत करने के लिए अधिकृत किया है।
संघ की शाखा में जाएं कमलनाथ-दिग्विजय
उमा भारती ने मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री को सुझाव दिया कि वे संघ की शाखाओं में जाएं, तभी उन्हें पता चलेगा कि राष्ट्रवाद क्या होता है। खासतौर से दिग्विजय का संघ की शाखा में जाना बहुत जरूरी है। उमा भारती ने राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर कहा कि जिस तरह मक्का में मंदिर नहीं बन सकता, वैसे ही राम जन्मभूमि पर कुछ और नहीं बन सकता, वहां मंदिर ही बनेगा। चौहान के बंगले पर कमलनाथ उन्हें जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। चौहान के बंगले पर सीएम करीब 15 मिनट रुके। गौरतलब है कि शिवराज का मंगलवार को जन्मदिन था और वे सुबह धार चले गए थे। इस कारण मुख्यमंत्री कमलनाथ आज उनसे मिलने पहुंचे।