TIO, New Delhi
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 18 लाख 65 हजार 561 हो गई है। अच्छी बात है कि इनमें 12 लाख 35 हजार 857 लोग ठीक हो चुके हैं। 5 लाख 89 हजार 202 लोगों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 39 हजार 57 लोगों की मौत हो गई।
इस बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में कोरोना से होने वाली मृत्यु दर में लगातार गिरावट हो रही है। यह देश के लिए अच्छा संकेत है। उन्होंने बताया कि जून के दूसरे हफ्ते में मृत्यु दर 3.36% था। यह जुलाई के दूसरे हफ्ते में घटकर 2.69% हो गया था। अब अब तक की न्यूनतम दर 2.10% हो गया है। कोरोना से सबसे ज्यादा 68% पुरुषों की मौत हुई है जबकि 32% महिलाओं ने जान गंवाई है।
मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक संक्रमण से मरने वाले 50% लोगों की उम्र 60 साल या इससे अधिक थी। 37% मृतकों की उम्र 45 से 60% के बीच थी। इससे साफ है कि संक्रमण का सबसे ज्यादा खतरा 45 साल से अधिक आयु वर्ष के लोगों पर है। इसलिए युवाओं और बच्चों को खुद के साथ इन्हें भी सुरक्षित करना होगा।
उधर, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है। इसके पहले गृह मंत्री अमित शाह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कर्नाटक के मुख्यमंत्री के बीएस येदियुरप्पा, यूपी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत कई नेता कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया संक्रमित
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष सिद्धारमैया कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुझे एहतियात के तौर पर डॉक्टरों की सलाह पर अस्पताल में भर्ती किया गया है। जो मेरे संपर्क में आए थे, वे अपनी जांच कराएं और खुद को आइसोलेट कर लें।’
सोमवार को अमेरिका से भी ज्यादा मामले आए
सोमवार को एक दिन में 50 हजार 488 नए मामले सामने आए। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 8968 और आंध्र प्रदेश में 7822 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उधर, पिछले दो दिन ऐसे रहे जब अमेरिका और ब्राजील की तुलना में भारत में ज्यादा केस मिले।
मध्यप्रदेश: प्रदेश में अप्रैल से जून तक कोरोना की रफ्तार धीमी थी, लेकिन जुलाई शुरू होते ही इसमें तेजी आ गई। 1 जून से अनलॉक-1 लागू था, जबकि एक जुलाई से अनलॉक-2, लेकिन जुलाई में जून की तुलना में करीब 14 हजार केस ज्यादा रहे। देश में अप्रैल में संक्रमण दर 10.9% थी, जो 31 जुलाई को 4.1% पर आ गई, लेकिन प्रदेश में यह 4.4% से बढ़कर 8.8% तक पहुंच गई।
राजधानी में पिछले 10 दिन से जारी लॉकडाउन मंगलवार की सुबह खत्म हो गया। जिला प्रशासन ने तय किया है कि इस अनलॉक में भी सख्ती बरकरार रहेगी। सभी बाजार रात 8 बजे तक बंद कर दिए जाएंगे और सुबह 5 बजे तक शहर में कर्फ्यू रहेगा।
उधर, राज्य के छोटे जिलों में अब केस ज्यादा बढ़ रहे हैं। इस समय बड़वानी में भी 372 एक्टिव केस हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इसकी मुख्य वजह इसका महाराष्ट्र बॉर्डर से लगा होना है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर जैसे जिलों में व्यावसायिक गतिविधियां अधिक होने के कारण आवाजाही ज्यादा रहती है। ट्रेनों की सीधी कनेक्टिविटी है। इस वजह से इन शहरों में संक्रमण भी तेजी बढ़ा है।