केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, अगर आप मोदी को ‘फादर ऑफ इंडिया’ स्वीकार नहीं कर सकते, तो आप भारतीय नहीं

0
235

नई दिल्ली

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को एक विवादास्पद बयान दिया। उन्होंने कहा, “जो लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘फादर ऑफ इंडिया’ स्वीकार नहीं कर सकते, वे खुद को भारतीय नहीं कह सकते।” इससे पहले मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मोदी को फादर ऑफ इंडिया बताया था।

प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने न्यूज एजेंसी से कहा, “विदेश में रहने वाले लोग आज अपने भारतीय होने पर गर्व महसूस करते हैं। यह तब हो रहा है, जब प्रधानमंत्री मोदी का व्यक्तित्व और उनके व्यवहार से देश का सम्मान बढ़ रहा है। यह पहली बार है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारतीय प्रधानमंत्री के लिए इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया है लेकिन जिन्हें इस शब्द पर गर्व नहीं होता, वे खुद को भारतीय नहीं कह सकते हैं।”

हम उन्हें फादर ऑफ इंडिया पुकारेंगे: ट्रम्प

इससे पहले ट्रम्प ने न्यूयार्क में कहा था, “भारत की स्थिति पहले बहुत ही जर्जर थी और प्रधानमंत्री मोदी ने नया भारत बनाने के लिए बेहतर काम किया। मैं भारत को पहले दयनीय देश के रुप में याद करता था। प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद और आंतरिक समस्याओं के खिलाफ बेहतर तरीके से लड़ाई लड़ी। उन्होंने एक पिता की भांति सभी को एकजुट किया। हम उन्हें फादर ऑफ इंडिया के रुप में पुकारेंगे। मुझे लगता है कि उन्होंने बेहतर काम किया है।”