रायबरेली। कांग्रेस नेता और यूनाइटेड डेमोक्रैटिक अलायंस (यूपीए) की अध्यक्ष सोनिया गांधी आगामी लोकसभा चुनाव अपनी पारंपरिक सीट रायबरेली से ही लड़ सकती हैं। इस सीट पर वह करीब दो दशकों से चुनी जाती रही हैं और माना जा रहा है कि एक बार फिर वह यहीं अपनी दावेदारी पेश करेंगी। बता दें कि राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंपने और हाल ही में प्रियंका गांधी के भी औपचारिक तौर पर राजनीति में शामिल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में सुगबुगाहट थी कि कहीं सोनिया संन्यास के बारे में तो नहीं सोच रहीं।
UPA chairperson Sonia Gandhi will contest against her traditional seat Rae Bareli
रिटायर नहीं हो रहीं सोनिया
हालांकि, पार्टी के एक सूत्र का कहना है कि पार्टी ने कभी भी ऐसा नहीं कहा कि सोनिया रिटायर हो रही हैं। सूत्र के मुताबिक इस बात में कोई शक या सवाल है ही नहीं कि सोनिया रायबरेली से चुनाव लड़ेंगी। दरअसल, प्रियंका यह कहती रही हैं कि वह लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हैं, लेकिन यह चर्चा भी साथ होती रही है कि पार्टी कहीं उनको सोनिया की जगह तो लेकर नहीं आई है।
पिछले साल की थी आखिरी जनसभा
बता दें कि सोनिया की आखिरी जनसभा पिछले साल नवंबर में तेलंगाना विधानसभा चुनाव के दौरान देखने को मिली थी। उसके बाद से वह दूर ही दिखीं, जबकि राहुल गांधी पहले ही पार्टी की कमान संभाल रहे हैं। हालांकि, पार्टी सूत्रों ने फिलहाल इन अटकलों पर विराम लगा दी है कि प्रियंका को जिम्मेदारी सौंपकर सोनिया रिटायरमेंट के बारे में सोच रही हैं।

