वर्ल्ड डेस्क
ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हालिया घटनाक्रम ने उनके बीच जारी तनाव को बढ़ाने का काम किया है। शुक्रवार को राजनयिकों ने बताया कि अमेरिका ने ईरान पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् (यूएनएससी) की एक बंद कमरे में बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। इस बैठक में ओमान की खाड़ी में तेल टैंकरों पर हुए हमले और ईरान द्वारा अमेरिका के सर्विलांस ड्रोन को मार गिराए जाने के मुद्दे पर चर्चा होगी।
ईरान के ड्रोन को गिराने के बाद न्यूयॉर्क ने ईरान पर सैन्य कार्रवाई की इजाजत दी थी लेकिन कुछ देर बाद ही अपने फैसले को वापस ले लिया था। इसके बाद ईरान ने ड्रोन की तस्वीरों को जारी किया था। एक राजनयिक के अनुसार अमेरिका ने ईरान और ओमान की खाड़ी में घटित हुए हालिया घटनाक्रम को लेकर यूएनएससी की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है। दूसरे राजनयिक ने बताया कि यह बैठक सोमवार दोपहर को होगी।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को हुई एक बैठक में ईरान पर सैन्य कार्रवाई की मंजूरी दी लेकिन अचानक अपना फैसला बदल दिया था। गुरुवार शाम सात बजे व्हाइट हाउस में ट्रंप ने शीर्ष राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों और कांग्रेस नेताओं के साथ गहन विचार-विमर्श किया जिसमें ईरान पर हमले की योजना पर चर्चा की।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान द्वारा सर्विलांस ड्रोन गिराए जाने को लेकर उसे खुली चेतावनी दे दी थी। ट्रंप ने ट्वीट कर कहा था, ‘ईरान ने बहुत बड़ी गलती कर दी है।’ ट्रंप की इस कम अक्षरों वाली चेतावनी को बड़ी कार्रवाई का इशारा माना जा रहा है।
इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरानी सेना के ठिकानों जैसे रडार और मिसाइल बैटरी यूनिटों पर हमले की मंजूरी दी थी। लेकिन हमले से ठीक पहले ट्रंप ने अपने फैसले को पलट दिया। ट्रंप प्रशासन द्वारा मध्य-पूर्व के देशों में की गई तीसरी सैन्य कार्रवाई को अगले आदेश के लिए टाल दिया गया है।

