मुंबई
Viju Khote passes away : ‘शोले’ के दो मिनिट के सीन को यादगार बनाने वाले एक्टर विजु खोटे का सोमवार को निधन हो गया। उन्हें जीवनभर ‘कालिया’ के रोल के लिए पहचाना गया जो उन्होंने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘शोले’ में निभाया था। विजु 77 साल के थे। विजु ने पहली बार बड़े परदे पर फिल्म ‘या मालिक’ में काम किया था। 1964 की इस फिल्म से करियर शुरू करने के बाद वे ‘शोले’, ‘कुर्बानी’, ‘कर्ज’, ‘नगीना’, ‘कयामत से कयामत तक’ जैसी कई फिल्मों में नजर आए। उन्होंने ‘अंदाज अपना अपना’ में भी बढ़िया रोल किया था। इसमें उन्होंने ‘रॉबर्ट’ का रोल किया था।
बता दें कि विजु ने सलीम-जावेद की लिखी ‘शोले’ में यह मशहूर लाइन कही थी ‘सरदार मैंने आपका नमक खाया है’। इसी तरह ‘अंदाज अपना अपना’ में उनका डायलॉग ‘गलती से मिस्टेक हो गया’ खूब पसंद किया गया था। 90 के दशक में उन्होंने टीवी पर ‘जबान संभाल के’ में भी काम किया था।
विजु खोटे की बहन शोभा खोटे भी फिल्मी दुनिया में जाना-माना नाम है। विजु के खात में 300 से ज्यादा फिल्में हैं। इनमें मराठी फिल्में भी शामिल हैं। विजु को आखिरी बार 2018 की फिल्म ‘जाने क्यूं दे यारों’ में काम किया था। आखिरी दौर में उन्होंने रोहित शेट्टी की ‘गोलमाल 3’, ‘अतिथि तुम कब जाओगे’, ‘अजब प्रेम की गजब कहानी’ में काम किया था।
विजु और अमजद खान की जोड़ी ‘शोले’ के बाद से मशहूर हो गई थी। दोनों से साथ में कई फिल्में कीं। अमजद के साथ विजु ने कम से कम पांच फिल्में और की थीं। विजु मानते थे कि ‘शोले’ ही उनके जीवन का सबसे बड़ा मोड़ थी। वे मानते थे कि लोग उन्हें अपने नाम से कम और ‘कालिया’ के नाम से ज्यादा पहचानते थे।
विजु के पिता नंदू खोटे भी स्टेज एक्टर थे। उनकी मौसी दुर्गा खोटे ने भी फिल्मी दुनिया में काफी नाम कमाया है।