TIO
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने साल 2019 का समापन सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज के रूप में किया। सोमवार को जारी साल की आखिरी टेस्ट रैंकिंग में वे 928 अंकों के साथ पहले स्थान पर बने रहे। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ (911) को दूसरी और न्यूजीलैंड के केन विलियम्सन (822) को तीसरी पोजिशन पर मिली। विराट इस साल सबसे ज्यादा कुल 274 दिनों तक नंबर वन पोजिशन पर रहे। गेंदबाजों में ऑस्ट्रेलिया के पैट कमिंस पहले और न्यूजीलैंड के नील वेग्नर दूसरी पोजिशन हैं। कमिंस साल में 321 दिन नंबर एक रहे।
शीर्ष बीस बल्लेबाजों में से चार भारतीय हैं। चेतेश्वर पुजारा एक स्थान के नुकसान के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गए, अजिंक्य रहाणे ने 7वीं पोजिशन और मयंक अग्रवाल 12वीं पोजिशन बरकरार रखी। रोहित शर्मा दो पोजिशन के फायदे के साथ 13वें नंबर पर पहुंच गए।
करियर बेस्ट रैंकिंग पर पहुंचे लबुशाने
ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लबुशाने चौथी पोजिशन पर रहते हुए साल का अंत किया। ये उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है। अन्य बल्लेबाजों में दक्षिण अफ्रीका के क्विंटन डीकॉक ने टॉप-10 में एंट्री मार ली। वे 712 अंकों के साथ दसवीं पोजिशन पर रहे।
टॉप-5 टेस्ट बल्लेबाज
रैंकिंग | बल्लेबाज | रेटिंग अंक |
1 | विराट कोहली (भारत) | 928 |
2 | स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया) | 911 |
3 | केन विलियम्सन (न्यूजीलैंड) | 822 |
4 | मार्नस लबुशाने (ऑस्ट्रेलिया) | 805 |
5 | चेतेश्वर पुजारा (भारत) | 791 |
गेंदबाजों में 321 दिन पहले नंबर पर रहे कमिंस
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस (902) ने भी अपनी नंबर एक पोजिशन बरकरार रखी। इस साल वे 321 दिन तक इसी पोजिशन पर रहे। इस रैंकिंग में न्यूजीलैंड के नील वेग्नर 859 अंकों के साथ दूसरी पोजिशन और दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज कगिसो रबाडा (832) तीसरे स्थान पर रहे। दक्षिण अफ्रीका के ही वर्नोन फिलेंडर (800) तीन पोजिशन के फायदे के साथ पांचवें नंबर पर पहुंच गए।
शीर्ष 10 स्थानों में भारत के तीन गेंदबाज
गेंदबाजों की टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष दस में से तीन स्थानों पर भारतीय खिलाड़ियों को जगह मिली। जसप्रीत बुमराह (794) ने अपनी छठी पोजिशन बरकरार रखी। वहीं रविचंद्रन अश्विन (772) और मोहम्मद शमी (771) दो-दो स्थानों के फायदे के साथ नौवें और दसवें नंबर पर पहुंच गए।
टॉप-5 टेस्ट गेंदबाज
रैंकिंग | गेंदबाज | रेटिंग अंक |
1 | पैट कमिंस (ऑस्ट्रेलिया) | 902 |
2 | नील वेग्नर (न्यूजीलैंड) | 859 |
3 | कगिसो रबाडा (द.अफ्रीका) | 832 |
4 | जेसन होल्डर (विंडीज) | 830 |
5 | वर्नोन फिलेंडर (द. अफ्रीका) | 800 |
ऑलराउंडर रैंकिंग में जडेजा दूसरे नंबर पर
ऑलराउंडर टेस्ट रैंकिंग में वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर पहले स्थान पर बने रहे। वे साल के 342 दिन इसी पोजिशन पर रहे। वहीं भारत के रविंद्र जडेजा दूसरे, इंग्लैंड के बेन स्टोक्स तीसरी और दक्षिण अफ्रीका के वर्नोन फिलेंडर चौथी पोजिशन पर हैं। अश्विन एक स्थान के फायदे के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए।
टॉप-5 ऑलराउंडर
रैंकिंग | ऑलराउंडर | रेटिंग अंक |
1 | जेसन होल्डर (विंडीज) | 473 |
2 | रविंद्र जडेजा (भारत) | 406 |
3 | बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) | 377 |
4 | वर्नोन फिलेंडर (द.अफ्रीका) | 348 |
5 | रविचंद्रन अश्विन (भारत) | 308 |