नए साल में मौसम ने बदली करवट, मैदानी इलाकों में दिखेगा बर्फबारी का असर, और बढ़ेगी ठंड

0
224

नई दिल्ली। नए साल के साथ ही मौसम ने करवट बदल ली है। पहाड़ी इलाकों में शुरू हुई बर्फबारी का असर जल्द ही मैदानी इलाकों में दिखाई देगा और ठंड के साथ ओले पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। वहीं, नए साल में ठंड के चलते पाला पड़ने से फसल को भी नुकसान हुआ है।
Weather in the new year, change in the plains, the impact of the snowfall, and the cold will increase
जम्मू कश्मीर में हिमस्खलन व बफीर्ले तूफान की चेतावनी :
जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ मंगलवार को वायुमंडल में सक्रिय होते ही अगले चार दिन तक कश्मीर में हिमपात के साथ जम्मू संभाग के उधापर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश की पूरी संभावना है। प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने की अपनी तैयारी पूरी कर ली है। प्रशासन ने चार व पांच जनवरी को जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात और कश्मीर में हवाई संपर्क प्रभावित होने की आशंका जताई है। इसके अलावा उधापर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन व बफीर्ले तूफान की चेतावनी भी जारी कर दी गई है।

उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट, चार धाम में हिमपात
उत्तराखंड में नववर्ष का स्वागत भले ही गुनगुनी धूप से हुआ, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट बदल दी। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बर्फबारी शुरू हो गई और निचले स्थानों में बारिश से कड़ाके की ठंड का अहसास होना शुरू हो गया। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को भी मौसम का रूख ऐसे ही रहने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के संभावना है।

हिमाचल में चार जनवरी से बर्फबारी की चेतावनी
हिमाचल में नए साल के पहले ही दिन मौसम ने करवट बदल ली है। मौसम विभाग ने 48 घंटों के दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह के मुताबिक 4 से 6 जनवरी के बीच बर्फबारी हो सकती है। मंगलवार देर शाम मनाली के साथ सटे रोहतांग में करीब आधा फीट बर्फबारी हुई। प्रदेश के अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हलकी बर्फबारी की सूचना है। बर्फबारी से प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।