TIO NEW DELHI
वॉट्सऐप मैसेजिंग ऐप ने विवाद बढ़ने के बाद प्राइवेसी अपडेट प्लान फिलहाल टाल दिया है। अब 8 फरवरी को किसी का वॉट्सऐप अकाउंट बंद नहीं होगा। कंपनी धीरे-धीरे 15 मई तक पॉलिसी लागू करेगी। कंपनी का मानना है कि पॉलिसी का समय आगे बढ़ाने से यूजर्स को उसे समझने का टाइम मिल जाएगा। वॉट्सऐप की पैरेंट कंपनी फेसबुक ने बताया कि ऐप के नए अपडेट को लेकर लोगों को काफी गलतफहमी है, जिसके चलते फिलहाल नए अपडेट को रोक दिया गया है।
ब्लॉग के जरिए पॉलिसी आगे बढ़ाने का ऐलान किया
कंपनी ने अपने ब्लॉग में लिखा, ‘हम उस तारीख को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसमें यूजर्स से पॉलिसी और शर्तें पढ़ने और उन्हें स्वीकार करने को कहा जाएगा। 8 फरवरी को किसी का अकाउंट डिलीट या सस्पेंड नहीं किया जाएगा। हम अपनी प्राइवेसी और सुरक्षा पॉलिसी को लेकर स्पष्ट जानकारियां देंगे और लोगों के बीच फैले भ्रम को दूर करेंगे। इसके बाद कंपनी धीरे-धीरे लोगों से नई पॉलिसी पर उनकी राय लेगी। इसके लिए 15 मई तक का समय तय किया गया है।”
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार प्राइवेसी अपडेट के ऐलान के बाद कई यूजर्स और कई मीडिया संस्थानों ने इसे लोगों की जानकारी के दुरुपयोग से जोड़ा था। उनका कहना था कि नई पॉलिसी के बाद वॉट्सऐप लोगों की चैट और बाकी पर्सनल डेटा पढ़ सकेगा।
एलन मस्क के ट्वीट से बढ़ी सिग्नल की लोकप्रियता
इंस्टैंट मैसेजिंग एप व्हाट्सएप नई प्राइवेसी पॉलिसी में किए गए बदलाव को लेकर कुछ समय से चर्चा में है। नई पॉलिसी में कहा गया है कि यूजर्स को अपने व्हाट्सएप अकाउंट का निजी डाटा फेसबुक के साथ शेयर करना होगा, अगर उपयोगकर्ता व्हाट्स की इस प्राइवेसी पॉलिसी को स्वीकार नहीं करेंगे, उनका अकाउंट अपने आप बंद हो जाएगा।
इसके बाद, टेस्ला के सीईओ और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने ट्वीट कर बताया कि वह व्हाट्सएप का नहीं बल्कि सिग्नल एप का उपयोग करते हैं। इसके बाद से लोग लगातार सिग्नल एप को डाउनलोड कर रहे हैं। यही वजह है कि देखते ही देखते सिग्नल एप ने व्हाट्सएप को पीछे छोड़ दिया है।