यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर रफ्तार ने बरपाया कहर

0
259

नौहझील (मथुरा)

यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर रफ्तार ने कहर बरपाया। सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही वैन को टक्कर मार दी। दोनों वाहनों की चपेट में एक बाइक भी आ गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। हादसा मथुरा के कोतवाली सुरीर क्षेत्र अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 84 के समीप हुआ। बताया जाता है कि नोएडा से आगरा की ओर आ रही तेज रफ्तार कार ने पीछे से वैन को टक्कर मार दी। जिसकी चपेट में आगे चल रहा बाइक सवार भी आ गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं बाइक सवार काफी दूर तक घसीटता चल गया। घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में पहुंचाया।

जिला अस्पताल में एक और युवक ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस इसके प्रयास कर रही है। उधर, एक्सप्रेसवे पर पड़े क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाया गया।