दिल्ली में यमुना का पानी घटा, बारिश का यलो अलर्ट: शहर के 30 से ज्यादा इलाके जलमग्न, सेना ने 20 घंटे में ठीक किया ITO बैराज का जाम गेट

0
172

TIO NEW DELHI

दिल्ली में शनिवार को यमुना का वाटर लेवल कम हुआ। सुबह 9 बजे यमुना नदी का जलस्तर घटकर 207.53 मीटर पर आ गया। इसके अभी और कम होने की उम्मीद है। उधर मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली के बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, 15 जुलाई को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

राजधानी के इंद्रप्रस्थ इलाके में यमुना नदी में बने ड्रेनेज का रेगुलेटर टूट गया था। इसे शुक्रवार रात सेना की मदद से ठीक कर दिया गया। ITO बैराज का एक गेट भी खोल दिया गया।

हालांकि अभी भी बाढ़ का पानी यमुना बाजार, लाल किला, ITO, बेला रोड और आसपास के इलाकों में भरा हुआ है। राहत और बचाव के लिए NDRF की 16 टीमें अभी भी तैनात हैं।

दिल्ली में बाढ़ से जुड़े अपडेट्स…

  • ITO, पुरानी दिल्ली, कश्मीरी गेट और यमुना बाजार समेत दिल्ली के 30 इलाके बाढ़ से प्रभावित हैं।
  • ओखला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को चालू कर दिया गया। गुरुवार को नदी का वॉटर लेवल 208.66 मीटर होने के बाद इसे बंद कर दिया गया था।
  • अरविंद केजरीवाल ने बताया कि नदी का जलस्तर 207.7 होने पर वजीराबाद और चंद्रावल के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को भी चालू कर दिया जाएगा।
  • राजधानी में 25 हजार से ज्यादा लोग बचाए गए हैं। 22 हजार से ज्यादा लोग टैंट और दूसरे शैल्टर में रह रहे हैं। NDRF की 16 टीमें तैनात हैं।

इन राज्यों में तेज बारिश होगी: हिमाचल, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, झारखंड, महाराष्ट्र, गोवा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, ओडिशा, कर्नाटक।

इन राज्यों में हल्की बारिश होगी: दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

अलग-अलग राज्यों के मौसम से जुड़े अपडेट्स..

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से हुई तबाही के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार से 2 हजार करोड़ रुपए की अंतरिम सहायता की मांग की है।
राज्य में 108 लोगों की मौत हो चुकी है और 3,738 करोड़ रुपए का आर्थिक नुकसान हो चुका है।
हरिद्वार में बाढ़ के पानी में 7 साल के बच्चे समेत 3 लोग बह गए।