मप्र में संघ ने भाजपा की जमीन खिसकाई, अब मैदान संभालेंगे संघ कार्यकर्ता

0
553

भोपाल। विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से चौंकाने वाला फीडबैक मिला है। संघ के उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक संघ ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को साफ कर दिया है कि मप्र में जमीनी स्तर पर भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी से कट चुका है। ज्यादातर कार्यकतार्ओं ने विधायकों और पदाधिकारियों की नाराजगी की वजह से पार्टी से दूरी बना ली है। चुनाव में कार्यकतार्ओं की निष्क्रियता ही भाजपा को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाएगी। संघ के इस फीडबैक के बाद चुनाव मैदान में संघ के कार्यकतार्ओं को भी उतारने की तैयारी कर ली गई है।
Sangh defers BJP’s land in MP, Sangh worker will now take charge of the field
डैमेज कंट्रोल के लिए मंगलवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री अतुल राय रात तक संघ कार्यालय समिधा में ही डेरा डाले रहे। बैठक सुबह 11 बजे से रात 9 बजे के बाद तक चलती रही। पार्टी और संघ नेताओं के बीच दिनभर चली बातचीत में कार्यकतार्ओं की नाराजगी खत्म करने के साथ ही प्रत्याशियों के चयन पर भी मंथन चलता रहा।

सूत्रों के मुताबिक अब भाजपा को चुनावी वैतरणी पार कराने के लिए संघ और उसके आनुषांगिक संगठन के कार्यकतार्ओं को मैदान में उतारा जाएगा। गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एक दिन पहले ही समिधा जाकर संघ के क्षेत्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात की थी।

इस मुलाकात में ही संघ ने अपना फीडबैक शाह के सामने रखा था। संघ ने यह फीडबैक जमीनी स्तर पर समन्वय बैठकों और आनुषांगिक संगठनों की रिपोर्ट के बाद तैयार किया है। संघ की तरफ से मंगलवार को हुई बैठक में क्षेत्र प्रचारक दीपक बिस्पुते और आरएसएस के सह प्रचार प्रमुख अरुण जैन मौजूद थे।

प्रत्याशी चयन और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी हुई बातचीत
संघ व पार्टी नेताओं के बीच प्रत्याशी चयन और क्षेत्रीय स्तर पर अलग-अलग मुद्दों को लेकर भी बातचीत हुई है। सूत्रों के मुताबिक मालवा, निमाड़, चंबल, महाकोशल जैसे अलग-अलग इलाकों के लिए पार्टी अलग-अलग रणनीति अपनाएगी।

भाजपा कार्यालय में तोमर, विजयवर्गीय और झा की बैठक
इधर, प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा और प्रदेश महामंत्री अजय प्रताप सिंह के बीच दिनभर बैठक चलती रही। सूत्रों के मुताबिक इन नेताओं ने आने वाले दिनों में पार्टी की चुनावी रणनीति, प्रधानमंत्री के दौरे और अन्य मुद्दों पर बातचीत की।

संघ ने कहा – आधे से ज्यादा विधायकों के टिकट काटो
सूत्रों के मुताबिक संघ ने अपने फीडबैक में भाजपा से कहा है कि मौजूदा विधायकों में से आधे से ज्यादा विधायकों के टिकट काटने पड़ेंगे। इसमें कई मंत्री भी शामिल हैं। संघ का कहना है कि इन विधायकों के खिलाफ क्षेत्र में भारी आक्रोश है। इनका टिकट काटे बिना भाजपा का सरकार बनाना मुश्किल है।

बैठक में सभी 230 विधानसभा सीटों पर एक-एक कर विस्तार से चर्चा हुई। शाम 4 बजे के आसपास राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी समिधा पहुंचे थे। बताया जाता है कि संघ ने कहा है सरकार की योजनाओं का मैदानी स्तर पर बहुत ज्यादा असर नहीं दिख रहा है। सवर्णों की नाराजगी अभी भी संघ और भाजपा के लिए बड़ी चिंता बनी हुई है।