भोपाल। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जिन मुद्दों को लेकर प्रदेश की जनता के सामने जा रही है उनमें युवाओं से जुड़ा सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी भत्ते का है। इसमें कांग्रेस ने वचन पत्र (घोषणा पत्र) में बेरोजगारों को ट्रेनिंग के साथ चार हजार रुपए तक का भत्ता देने का वादा किया जा रहा है। कांग्रेस शनिवार को वचन पत्र जारी करने जा रहा है।
MP Vishnu Election: Congress will release today the promise letter, farmers and youth will try to woo
वचन पत्र जारी करने के कार्यक्रम में पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। कांग्रेस वचन पत्र में किसान, महिला, युवाओं, कर्मचारियों-पेंशनर्स, मजदूर पर मुख्य केंद्रित करते हुए वादे किए हैं। वचन पत्र में सस्ती बिजली देने का भी वादा किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक किसानों के लिए सबसे बड़ी सौगात कर्ज माफी है जिसमें कांग्रेस ने सरकार बनने के बाद किसानों के कर्ज माफी का सबसे पहला आदेश जारी करने का वादा किया है। महिला सुरक्षा को लेकर भी कांग्रेस अपने वचन पत्र में यह वादा करने जा रही है कि इसके लिए ठोस योजना बनाएगी। खाद्यान्न वितरण में सुधार करने का वादा भी कांग्रेस करने जा रही है। इसके तहत कांग्रेस सरकार बनने पर पीडीएस सिस्टम में राशन की दुकानों से दाल और तेल जैसे सामग्री भी दिए जाने की व्यवस्था की जाएगी।
सूत्र बताते हैं कि युवाओं के लिए कांग्रेस वचन पत्र में बेरोजगारी भत्ता की विस्तृत योजना के साथ वादा करने जा रही है। बेरोजगारी भत्ते की न्यूनतम सीमा 2500 रुपए रखने का वादा है तो अधिकतम सीमा चार हजार रुपए रखे जाने की बात घोषणा पत्र में है। 2500 रुपए का बेरोजगारी भत्ता उन युवाओं को मिलेगा जो हायर सेकंडरी तक शिक्षित हैं और चार हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त युवाओं को दिया जाएगा। कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए भी वचन पत्र में कई बिंदु हैं जिनमें वेतन विसंगति, अनुकंपा नियुक्ति, रिक्त पदों को भरने आदि प्रमुख हैं।

