अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, एक पार्टी के लिए नक्सलवाद क्रांति करने का माध्यम

0
357

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस पर ‘अर्बन नक्सल’ का समर्थन करने का आरोप लगाने के बाद अब बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने निशाना साधा है। शनिवार को रायपुर में छत्तीसगढ़ चुनाव के लिए पार्टी का संकल्प-पत्र जारी करते हुए शाह ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को नक्सलवाद में क्रांति दिखाई पड़ती हो, नक्सलवाद क्रांति का माध्यम दिखाई पड़ता हो, वह पार्टी छत्तीसगढ़ का भला नहीं कर सकती है। बीजेपी प्रेजिडेंट ने कहा कि हमें गरीबों के घर गैस पहुंचाने, उद्योग लगाकर रोजगार दिलाने, किसानों को ज्यादा समर्थन मूल्य देने जैसे कार्यों में क्रांति दिखाई देती है।
Amit Shah’s attack on Congress, means to revolutionize Naxalism for a party
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के हजारों बुद्धिजीवियों, महिला, युवा, किसानों और आम लोगों से संपर्क कर यह चुनावी अजेंडा सामने रखा गया है। मुख्यमंत्री रमन सिंह की तारीफ करते हुए शाह ने कहा कि इस सरकार ने विकास के सारे रेकॉर्ड तोड़ दिए। उन्होंने आगे कहा कि रमन सरकार ने पिछले 15 वर्षों में राज्य की तस्वीर बदल दी है और नक्सलवाद से क्षेत्र को मुक्त करने का काम किया है। शाह ने आगे कहा कि कांग्रेस ने करीब-करीब 55 साल शासन किया है लेकिन देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम केंद्र की मोदी सरकार और राज्य में भाजपा सरकारें कर रही हैं।

नवा छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प
शाह ने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ की पहचान पिछड़े राज्य के तौर पर होती थी, लेकिन आज यह पावर हब, शिक्षा हब जैसे तमाम क्षेत्रों में सेंटर बनकर उभर रहा है। बीजेपी प्रेजिडेंट ने कहा कि यहां का 2018 का चुनाव बीजेपी के लिए ‘नवा छत्तीसगढ़’ का निर्माण करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि हमें भरोसा है कि लोगों के आशीर्वाद से हम चौथी बार सरकार में आएंगे।

गिनाए रमन सरकार के काम
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, ‘अभी एक मणिकंचन योग है। केंद्र में मोदी जी की सरकार है और राज्य में रमन सिंह की सरकार है और ये दोनों सरकारें राज्य को और आगे ले जाएंगी।’ रमन सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अंत्योदय को प्राथमिकता दी गई। फ्री नमक, साइकिल, चरणपादुका और 1 रुपये किलो चावल दिया गया। कृषि की लागत में सबसे ज्यादा कमी रमन सरकार द्वारा की गई। धान और बाकी उपजों की खरीद के लिए अहम व्यवस्था की। उन्होंने बताया कि किसानों को अल्पकालीन ऋण शून्य ब्याज दर पर उपलब्ध करवाने वाला पहला राज्य छत्तीसगढ़ बना।