गोटेगांव में कांग्रेस नेता की हत्या के बाद गरमाई सियासत, समाज ने पुलिस को दी चेतावनी

0
878

गोटेगांव/नरसिंहपुर। किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र राय की हत्या के बाद से ही प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है। इस हत्या के विरोध में कल्चुरी समाज ने आज गोटेगांव बंद का आव्हान किया है। सुबह कल्चुरी समाज से जुड़े लोगों ने शहर में बाइक रैली निकालकर पुलिस को ज्ञापन दिया। समाजजनों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर तीन दिन में आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो बड़ा जनआंदोलन होगा। वहीं समाजजनों ने परिवार के लिए सुरक्षा की भी मांग की है। मृत कांग्रेस नेता का शव पोस्टमॉर्टम के बाद जबलपुर से गोटेगांव के लिए रवाना किया गया है। इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। वहीं तीन बंदूकें भी जब्त की गई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
goteganw mein congress neta ki hatya ke bad garamai siyasat, samaj ne police ko di chetavani
ये है पूरा मामला
बता दें कि प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र राय ठेकेदारी करते थे, वह अपने साथी कमलेश के साथ गुरुवार शाम बिछिया गांव में पुलिया निर्माण के काम के सिलसिले में पहुंचे थे। यहां पर पुलिया की ऊंचाई बढ़ाने को लेकर विक्रम सिंह और अजय सिंह से उनका विवाद हो गया। इसके बाद आरोपितों ने कांग्रेस नेता सुरेंद्र राय पर दो और कमलेश के ऊपर एक फायर कर दिया। राय को सीने और हाथ में गोली लगी। जब राय और पाठक पर गोली चलते हुए एक स्थानीय बुजुर्ग ने देखा तो उसने मौके पर ही अपनी गाड़ी छोड़कर दोनों घायलों को सामुदायिक अस्पताल लाकर भर्ती कराया। घटना की खबर जैसे ही गोटेगांव के लोगों को हुई तो अस्पताल में समर्थकों की भीड़ बढ़ गई।

बीएमओ डॉ. एसएस ठाकुर ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस थाने को दी और सुरक्षा के लिए बल बुलवा लिया, जिससे कहीं कोई विवाद की स्थिति न रहे। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद जब उन्हें जबलपुर रेफर किया गया तो मेडिकल कॉलेज में कांग्रेस नेता राय को मृत घोषित कर दिया।

कांग्रेस का नगर बंद
घटना के विरोध में गुरुवार की रात कांग्रेस की ओर से नगर बंद का आह्वान करने मुनादी कराई गई। कांग्रेस शुक्रवार को नगर बंद कराकर घटना का विरोध करेगी।