बहुएं छोड़ रही हैं ससुराल, कई लड़कों के टूट रहे रिश्ते

0
381

बुरहानपुर TIO

प्रचंड गर्मी और मॉनसून में देरी की वजह से पूरे देश में लोग परेशान हैं. मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड इलाके में चिलचिलाती धूप की वजह से ज्यादातर जलस्रोत सूख चुके हैं. प्रदेश के बुरहानपुर में शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है. जल संकट से जूझ रहे लोगों ने जिला प्रशासन से पेयजल समस्या हल करने की गुहार लगाई है. आलम यह है कि पानी की कमी के चलते अब बहुएं ससुराल छोड़कर अपनेे मायकों की ओर पलायन कर रही हैं.

शहर से सटे मोहम्मदपुरा पंचायत की सलीम कॉलोनी में भूमिगत जल होकर गुजर रहा है. लेकिन, ग्राम पंचायत की लापरवाही से यहां के रहवासियों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है. लोगों को साफ पानी जुटाने के लिए घंटो की लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है.

बहुओं का पलायन, टूट रहे रिश्ते
जानकारी के मुताबिक, जल संकट से जूझ रहे परिवारों की बहुओं ने अपने-अपने मायकों की ओर पलायन शुरू कर दिया है. लोगों का कहना है पेयजल संकट के कारण कई लड़कों के रिश्ते टूट रहे हैं. परेशान लोगों ने जिला प्रशासन से समस्या का हल निकालने की गुहार लगाई है.

पठानवाडी में भी कमोबेश यही हाल
शहर के सिंधीबस्ती के पठानवाडी में रहने वाले अल्पसंख्यक परिवार का भी ऐसा ही हाल है. पानी जुटाने के लिए एक घर से दो से तीन लोग लगे हुए हैं. यहां की कई बहुओं ने जल संकट की वजह से अपने मायके का रूख कर लिया है.

‘पानी रोको आंदोलन’ की तैयारी
जिला कलेक्टर ने नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लिया है. उन्होंने अधिकारियों को समाधान निकालने का निर्देश दिया है. साथ ही इस सीजन में हुई समस्या से सबक लेते हुए अगले साल के लिए पानी रोको आंदोलन चलाने की बात कही है.