कश्मीर और हिंदू-मुस्लिम संबंधों पर नहीं बोलेंगे भाजपा नेता, दिग्विजय सिंह ने कहा- देश में तानाशाही की आहट

0
297

TIO भोपाल

कश्मीर मुद्दे पर एमपी पुलिस ने प्रदेश में अलर्ट जारी किया हुआ है। इधर मध्य प्रदेश भाजपा ने अपने प्रवक्ताओं और नेताओं को निर्देश जारी कर कहा है कि कोई भी नेता जम्मू-कश्मीर के मुद्दे, आतंकवाद और किसी भी तरह के हिंदू-मुस्लिम संबंधों से जुड़े मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से बात नहीं करेगा। कश्मीर मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा है कि ये देश में तानाशाही की आहट है।

प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने भी इसकी पुष्टि की है। उनके मुताबिक पार्टी का कोई भी प्रवक्ता और पैनलिस्ट जम्मू-कश्मीर के ताजा हालात और आतंकवाद से जुड़े मुद्दे पर होने वाली टीवी बहस में शामिल नहीं होंगे।

एडीजी इंटेलीजेंस कैलाश मकवाना ने शनिवार को एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि पिछले कुछ दिन में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों की आवाजाही बढ़ी है, साथ ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी लौटने को कहा गया है। केंद्र द्वारा निकट भविष्य में लिए जाने वाले निर्णयों को देखते हुए राज्य के विभिन्न हिस्सों में भी कुछ संगठनों के विरोध-प्रदर्शन की आशंका है, इसलिए सुरक्षा पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।