टीवी पत्रकार रवीश कुमार व यशवंत व्यास को मिलेगा शरद जोशी सम्मान

0
2622

TIO भोपाल

मध्य प्रदेश शासन द्वारा व्यंग्य, ललित निबंध, पत्र लेखन, डायरी, रिपोतार्ज जैसी विधाओं के लिए स्थापित राष्ट्रीय शरद जोशी सम्मान वर्ष 2017 के लिए अमर उजाला के समूह सलाहकार व व्यंग्यकार यशवंत व्यास और वर्ष 2018 के लिए टीवी पत्रकार रवीश कुमार को प्रदान किया जाएगा।


यशवंत व्यास
वहीं, उर्दू साहित्य के क्षेत्र में स्थापित राष्ट्रीय इकबाल सम्मान प्रख्यात लेखकों शम्सुर्रहमान फारुखी को 2017 के लिए और गजनफर अली को 2018 के लिए दिया जाएगा। राज्य सरकार ने सिनेमा, साहित्य, पारंपरिक कलाओं, समाज सेवा, सांस्कृतिक समरसता, सद्भाव के क्षेत्र में प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों का शुक्रवार को एलान किया।

वर्ष 2018 के लिए राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान पुणे की संस्था लोकायत को दिया जाएगा। वहीं, राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान वर्ष 2017 के लिए निमार्ता-निर्देशक प्रियदर्शन (निर्देशन के लिए) और वर्ष 2018 के लिए अभिनेत्री वहीदा रहमान (अभिनय के लिए) को प्रदान किया जाएगा। 2017 का राष्ट्रीय कबीर सम्मान हिंदी कवि नरेश सक्सेना और 2018 का यह सम्मान तेलुगु कवि गोरटी वेंकन्ना को प्रदान किया जाएगा।

राजेश जोशी को मैथिली शरण गुप्त सम्मान
राष्ट्रीय मैथिलीशरण गुप्त सम्मान वर्ष 2017 के लिए राजेश जोशी और वर्ष 2018 के लिए मंजूर एहतेशाम को प्रदान किया जाएगा। इसी तरह मंचीय कविता के लिए राष्ट्रीय कवि प्रदीप सम्मान वर्ष 2018 के लिए अशोक चक्रधर को दिया जाएगा।

नेहा शरद की प्रतिक्रिया
शरद जोशी अवॉर्ड दिए जाने पर शरद जोशी की बेटी नेहा शरद ने अपनी खुशी का इजहार किया है। यह लोग शरद जोशी के वंशज है जो उनकी बातों को आज के जमाने के हिसाब से आगे लेकर जा रहे है। मैं सभी को अपनी तरफ से बधाई देती हूं। नेहा ने यह बातें आर्ब्जवर को फोन पर चर्चा के दौरान कही।