TIO नई दिल्ली

राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि विपक्ष का मार्च शिवजी की बारात की तरह है, इसमें कोई भी शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि यह सरकार से लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान बचाने की मुहिम है। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, वे पीछे नहीं हटेंगे। विपक्ष के ‘सुप्रीम कोर्ट तक’ मार्च के पहले राहुल ने 40 मिनट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली को किला बना दिया गया है और ट्रेनें-बसें रोकी जा रही हैं। विपक्ष का प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा। कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक की विपक्षी पार्टियां बाराखंभा रोड पर जमा हो गए हैं। यहां से ‘चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ के तहत सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालेंगे। विपक्ष आज ज्ञानेश कुमार को हटाने और SIR के विरोध में सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी लगाएंगे।
शिवराज बोले- लगातार चुनाव हार से कांग्रेस में खीझ
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पिछले कई सालों कांग्रेस देश की संवैधानिक संस्थाओं पर हमले कर रही है। पार्टी चुनाव में हार का दोष भी संवैधानिक संस्थाओं पर मढ़ रही है। कांग्रेस की हार का सिलसिला लगातार जारी है। एक के बाद हार और उसकी खीझ आंदोलन करके सड़क पर निकालना ये कांग्रेस की नियति बन गई है।
कांग्रेस की हार का कारण चुनाव आयोग नहीं, उनका विचारशून्य नेतृत्व है। उत्तर प्रदेश, तेलंगाना में जूतमपैजार हो रही है। पंजाब में प्रदेश अध्यक्ष बदलना पड़ा। कर्नाटक में कभी सिद्धारमैया तो कभी डीके शिवकुमार। हार का कारण अगर कोई है तो वह कांग्रेस का नेतृत्व है। वह देश के लोगों, यहां की परंपराओं को नहीं जानता।
जंतर-मंतर पर अब प्रदर्शन नहीं होगा, सरकार ने रोक लगाई
दिल्ली के जंतर-मंतर पर अब प्रदर्शन नहीं हो सकेंगे। केंद्र सरकार ने इसे निर्धारित प्रदर्शन स्थल की लिस्ट से हटा दिया है। गृह मंत्रालय की ओर से एक कमेटी गठित की गई थी। इसकी सिफारिश के आधार पर दिल्ली का रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड और पूर्वी दिल्ली का CBD ग्राउंड प्रदर्शन स्थल बनाए गए हैं।


