पटना में बम विस्फोट से गांधी मैदान इलाके में मची अफरातफरी, कई घायल

0
503

पटना

बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान इलाके में सोमवार सुबह बम विस्फोट की खबर से अफरातफरी मच गई। पुलिस के मुताबिक एक घर में बम विस्फोट हुआ है। इस हादसे में पांच लोगों के घायल होने की सूचना है। इसमें एक वृद्धा की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस का कहना है कि ऐसा लगता है कि इस घर में बम रखा गया था, दो घरों को नुकसान पहुंचा है। घायलों को पीएमसीएच अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि दो मकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए वहीं उस मकान में रहने वाले कई लोग भी नीचे जा गिरे।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार दो जोरदार धमाके हुए हैं। बम धमाके के कारण जहां कमरे की दीवार गिर गई वहीं रूम में लगा दरवाजा भी टूट गया साथ ही आसपास के मकान की खिड़कियां भी चटक गईं। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया बम ब्लास्ट बताया है। पुलिस का कहना है कि एफएसएल की टीम आने के बाद ही विस्तार से जानकारी मिल पाएगी। धमाका होते ही इलाके में हड़कंप मच गया, लोग इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद मकान के मालिक ने बताया कि घर के जिस हिस्से में धमाका हुआ है उसमें किराएदार रहते हैं और वो ऑटो चलाते थे।