सुशांत सिंह ड्रग केस: NCB ने रकुल प्रीत सिंह को कल ही भेजा समन, अब तक एक्ट्रेस ने नहीं दिया कोई जवाब

0
588

TIO MUMBAI

सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग्स एंगल का जांच कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह समेत 7 लोगों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। इन सभी को अलग-अलग दिन पर एनसीबी ने पूछताछ के लिए बुलाया है। आज रकुल प्रीत सिंह को भी पूछताछ के लिए आना था, मगर अब तक वह एसनसीबी दफ्तर नहीं पहुची हैं। इस बारे में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने कहा कि कल रकुल प्रीत सिंह को समन जारी किया गया था। हमने विभिन्न प्लेटफार्मों के माध्यम से उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।

दरअसल, बुधवार को ही एनसीबी ने समन जारी कर गुरुवार को अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, सुशांत सिंह राजपूत की टैलेंट मैनेजर श्रुति मोदी और डिजाइनर सिमोन खंबाटा को बुलाया था। फिलहाल,  डिजाइनर सिमोन खंबाटा एनसीबी दफ्तर में मौजूद हैं और उनसे पूछताछ जारी है।

एनसीबी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दीपिका पादुकोण को शुक्रवार को बुलाया गया है। बता दें कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में ड्रग्स एंगल को लेकर एनसीबी की जांच के दौरान बॉलीवुड में ड्रग्स (मादक पदार्थ) का एक गठजोड़ सामने आया है । अधिकारी ने बताया कि एनसीबी ने अपनी जांच को बढ़ाते हुए इन ‘ए-सूची की हस्तियों को’ जांच में शामिल होने को कहा है। उन्होंने कहा कि मामले में कुछ लोगों से पूछताछ के दौरान इन लोगों के नाम सामने आये है।

अधिकारी ने बताया कि दीपिका पादुकोण को अपना बयान दर्ज कराने के लिए 25 सितम्बर को बुलाया गया है, सारा अली खान और श्रद्धा कपूर को 26 सितम्बर जबकि रकुल प्रीत सिंह, राजपूत की टैलेंट मैनेजर श्रुति मोदी और डिजाइनर सिमोन खंबाटा को गुरुवार को पेश होने के लिए कहा गया है। एनसीबी के अधिकारी ने बताया कि मामले में एक टैलेंट मैनेजर जया साहा ने कुछ महत्वपूर्ण सूचनाएं दी हैं।