ढांचा विध्वंस पर 28 साल बाद फैसला, आडवाणी, जोशी, उमा भारती सहित सभी आरोपी बरी

0
243

TIO अयोध्या

अयोध्या में छह दिसंबर 1992 को ढहाए गए विवादित ढांचे के मामले में सीबीआई की विशेष अदालत आज फैसला सुनाया। इस मामले में भाजपा के वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह, उमा भारती, विनय कटियार समेत सभी 32 आरोपियों को बरी कर दिया है। 28 वर्ष तक चली सुनवाई के बाद ढांचा विध्वंस के आपराधिक मामले में फैसला सुनाने के लिए सीबीआई के विशेष न्यायाधीश एसके यादव ने सभी आरोपियों को आज तलब किया था। हालांकि कई आरोपी आज कोर्ट में पेश नहीं हुए। वही, फैसले को लेकर रामनगरी की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

 

जज एसके यादव कुछ समय बाद सुनाएंगे फैसला
जज एसके यादव अदालत पहुंच चुके हैं और कुछ समय बाद फैसला सुनाएंगे। फैसले की पूरी कॉपी जज पढ़कर नहीं सुनाएंगे केवल मुख्य बिंदूओं की जानकारी देंगे।
11:06 AM, 30-SEP-2020
साक्षी महाराज भी सीबीआई कोर्ट पहुंचे
बाबरी विध्वंस मामले में आरोपी साक्षी महाराज भी सीबीआई कोर्ट में पहुंचे। अब सभी आरोपी अदालत पहुंचे। कुछ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फैसले को सुनेंगे।

11:01 AM, 30-SEP-2020
आडवाणी, जोशी और उमा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे
बाबरी विध्वसं मामले में फैसला सुनने के लिए पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी, पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह व पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती कोर्ट में मौजूद नहीं रहेंगी। ये सभी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फैसला सुनेंगे। इनके उपस्थित न होने की जानकारी पहले ही कोर्ट को दी जा चुकी है।
10:57 AM, 30-SEP-2020
सजा होगी तो जेल जाएंगे: कटियार
बाबरी विध्वंस मामले में आरोपी विनय कटियार भी लखनऊ में सीबीआई अदालत पहुंच गए हैं। यहां पहुंचने से पहले उन्होंने एक टीवी चैनल से बात बात करते हुए कहा कि सजा होगी तो जेल जाएंगे, छूटते हैं तो देखेंगे और बेल होगी तो ले लेंगे। हमने कोई अपराध ही नहीं किया है। वहां पर मंदिर था और मंदिर बनेगा। सोमनाथ मंदिर की तरह बढ़िया मंदिर बनेगा, ऐसी कल्पना है।
10:53 AM, 30-SEP-2020
आगरा में प्रशासन अलर्ट
अयोध्या विध्वंस मामले में आज अदालत का फैसला आना है। इसको लेकर मंगलवार से ही आगरा पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है। जिले में सेक्टर स्कीम लागू कर पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगा दी गई।
10:51 AM, 30-SEP-2020
प्रयागराज में हाईअलर्ट
अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस मामले के संभावित फैसले के मद्देनजर प्रयागराज में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। एडीजी जोन प्रेमप्रकाश ने मंगलवार देर रात ऑनलाइन मीटिंग आयोजित कर निर्देशित किया कि सभी आठ जनपदों को जोनल व सेक्टर स्कीम बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की जाए। संवेदनशील स्थानों पर फोर्स की तैनाती के साथ ही अफसर खुद गश्त पर रह कर मॉनिटरिंग करें।

10:46 AM, 30-SEP-2020
आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और कल्याण सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनेंगे फैसला
मामले में आरोपी लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए फैसला सुनेंगे।

10:42 AM, 30-SEP-2020
संतोष दुबे व कमलेश त्रिपाठी कोर्ट पहुंचे
बाबरी विध्वंस मामले में आरोपी संतोष दुबे और कमलेश त्रिपाठी भी सीबीआई कोर्ट पहुंच गए हैं।
10:38 AM, 30-SEP-2020
विनय कटियार और राम विलास वेदांती समेत ये आरोपी कोर्ट पहुंचे
विनय कटियार, धर्मेंद्र देव, जय भान सिंह पवैया, धर्मदास, जय भगवान गोयल, अमरनाथ गोयल, सुधीर कक्कड़, रामचंद्र खत्री, राम विलास वेदांती, लल्लू सिंह और ओमप्रकाश पांडे कोर्ट पहुंचे।

10:35 AM, 30-SEP-2020
साध्वी ऋतम्भरा भी कोर्ट पहुंची
बाबरी विध्वंस मामले में आरोपी साध्वी ऋतम्भरा भी कोर्ट पहुंच गई हैं। पवन पांडेय भी कोर्ट पहुंच गए हैं।
10:33 AM, 30-SEP-2020
कोर्ट पहुंचे चंपत राय
चंपत राय, जय भगवान गोयल, रामजी गुप्ता सीबीआई कोर्ट पहुंचे।

10:31 AM, 30-SEP-2020
अयोध्या में कड़ी सुरक्षा
बाबरी विध्वंस मामले में फैसले को लेकर अयोध्या में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। यहां आने-जाने वाले लोगों की चेकिंग की जा रही है।

10:31 AM, 30-SEP-2020
कोर्ट पहुंचे जज
सीबीआई के स्पेशल जज सुरेंद्र कुमार यादव कोर्ट पहुंच गए हैं। अदालत 10:30 बजे बैठेगी। इसके बाद फैसला पढ़ना शुरू होगा।

10:30 AM, 30-SEP-2020
प्रकाश शर्मा कानपुर से लखनऊ के लिए निकले
सीबीआई कोर्ट के लिए हिन्दू वादी नेता प्रकाश शर्मा कानपुर से रवाना हो गए हैं। अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस के दौरान प्रकाश बजरंग दल के संयोजक थे।
10:30 AM, 30-SEP-2020
विनय कटियार, चंपत राय, महंत धर्मदास, राम विलास वेदांती लखनऊ पहुंचे
बाबरी विध्वंस मामले में आज विशेष सीबीआई अदालत फैसला सुनाएगी। मामले के अभियुक्त भाजपा नेता विनय कटियार, सांसद लल्लू सिंह, विहिप नेता चंपत राय तथा महंत धर्मदास, राम विलास वेदांती और पवन पांडे लखनऊ पहुंचे।

09:51 AM, 30-SEP-2020
Live: ढांचा विध्वंस पर फैसला अब किसी भी वक्त, अयोध्या में सुरक्षा बढ़ाई गई
कोर्ट में मौजूद नहीं रहेंगे आडवाणी और जोशी
मामले में वकील केके मिश्रा ने कहा कि वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, कल्याण सिंह और राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के आज बाबरी विध्वंस मामले में फैसला सुनाने जा रही अदालत में हाजिर होने की संभावना कम है।