पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पार्षद गुड्‌डू चौहान समेत 11 कार्यकर्ताओं को हबीबगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया

0
505

  • पेट्रोल-डीजल मूल्यवृद्धि के खिलाफ इंदौर, उज्जैन और बालाघाट में जबरन बंद कराने उतरे कांग्रेसी
  • TIO BHOPAL

पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ आज प्रदेशभर में कांग्रेस नेता आधे दिन के बंद के आव्हान के साथ सड़कों पर उतरे। उज्जैन में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह बाजारों में निकले, इस दौरान दुकानें खुली मिलीं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुछ दुकानों को जबरन बंद कराने की कोशिश की। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस की समझाइश के बाद कार्यकर्ता मान गए। बंद का शहर में कोई खास असर देखने को नहीं मिला है। इंदौर के राजवाड़ा पर कांग्रेसियों और दुकानदारों के बीच बंद कराने को लेकर विवाद भी हुआ। बालाघाट में सुबह से ही स्थानीय बस स्टैंड बसों का विभिन्न रुटों के लिए संचालन हो रहा है। वहीं पेट्रोल पंप भी खुला हुआ है। इतना ही नहीं सुबह से सड़कों पर चाय नास्ता समेत अन्य दुकानें खुली होने से लोगों की भीड़ व चहलकदमी बनी हुई हैं। खुली दुकानों को बंद कराने पहुंचे कांग्रेसी, दुकानें जबरदस्ती बंद कराने पर पुलिस ने कांग्रेसियों को दी हिदायत, कहा जबरदस्ती नहीं करा सकते बंद। भोपाल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा को हिरासत में लेने की सूचना भी सामने आ रही है। अरेरा पेट्रोल पंप बंद कराने गए पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पार्षद गुड्‌डू चौहान समेत 11 कार्यकर्ताओं को हबीबगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में पीसी शर्मा और कार्यकर्ताओं को नई जेल भेज दिया। इससे पहले सुबह 9 बजे पूर्व मंत्री पीसी शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ बिट्‌टन मार्केट पहुंचे। यहां उन्हाेंने खुली दुकानों को जबरन बंद करा दिया। जबकि एक दिन पहले ही कांग्रेस की तरफ से बयान आया था कि दुकानें जबरन बंद नहीं कराई जाएंगी।

शनिवार सुबह बंद का मिलाजुला असर दिखा। कई जगह पर चाय-नाश्ते और किराने की दुकानें खुली दिखाई दी। कांग्रेस कार्यकर्ता दुकानें जबरन बंद कराते नजर आए। वहीं, शनिवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता जिप्सी पर लाउड स्पीकर से बंद को सफल बनाने दुकानें बंद रखने की अपील भी करते नजर आए।

बंद के समर्थन के लिए अभियान

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शनिवार को आधे दिन के बंद का आह्वान किया है। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर प्रदेश में सब कुछ बंद करने की बात कांग्रेस ने कहीं है। इसके लिए शुक्रवार को भी कांग्रेस की तरफ से बंद को सफल बनाने के लिए अभियान चलाया गया। मार्केट में घूम-घूमकर व्यापारियों से अपनी दुकानें बंद रखने का आह्वान किया।

सरकार वसूली में लगी हुई है

कमलनाथ ने वीडियो जारी कर कहा क पेट्रोल पदार्थों की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान हो रही है। सरकार जनता को राहत पहुंचाने के बजाए टैक्स में लगी है। सरकार के खिलाफ और आम लोगों को राहत देने के इरादे से कांग्रेस ने 20 फरवरी को मध्यप्रदेश बंद का आह्वान किया है। मैं सबसे अपील करता हूं कि इस बंद में शामिल होकर सरकार को जगाने में साथ दें।