अतरौली पहुंचा पूर्व सीएम का पार्थिव शरीर, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

0
126

TIO NEW DELHI

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान-हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का आज बुलंदशहर जिले के नरौरा स्थित राजघाट पर अंतिम संस्कार होगा। उनका पार्थिव देह अलीगढ़ के अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम से अतरौली के PwD गेस्ट हाउस पहुंच चुका है।

यहां गृह मंत्री अमित शाह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, प्रहलाद पटेल, BJP के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

अंतिम सफर में एक हजार से ज्यादा गाड़ियों का काफिला
पूर्व सीएम के अंतिम सफर में एक हजार से ज्यादा गाड़ियों का काफिला शामिल है। अतरौली में करीब दो घंटे तक उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर नरौरा गंगा घाट पर पहुंचेगा, जहां शाम 5 बजे के करीब उनका अंतिम संस्कार होगा। पूर्व सीएम को आखिरी बार देखने और श्रद्धांजलि देने के लिए अलीगढ़ की सड़कों पर लोगों की भीड़ जुटी रही।

  • पूर्व सीएम का पार्थिव शरीर कुछ देर में उनके पैतृक गांव मढौली के सामने से गुजरेगा। गांव के मुख्य गेट “कल्याण द्वार” को सजाया गया है। हजारों गांव वाले अंतिम दर्शन के मुख्य रास्ते पर इकट्ठा हैं।बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद हैं।
  • बतौर सीएम कल्याण सिंह की विधानसभा में दी गई स्पीच का संकलन कर उसे जारी किया जाएगा। अगले 5 दिन में इसका वीडियो जारी किया जा सकता है।
  • अंतिम यात्रा के चलते अलीगढ़ रामघाट रोड को वनवे किया गया।
  • उत्तर प्रदेश में डिप्टी सीएम ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने प्रदेश के 5 जिलों में एक-एक सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग करने का ऐलान किया है। इसमें लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, बुलन्दशहर और अलीगढ़ में एक एक सड़क कल्याण सिंह मार्ग के नाम से होगी।
  • अयोध्या में राम जन्म भूमि परिसर जाने वाली सड़क का नाम कल्याण सिंह मार्ग के नाम से होगा।

तीन दिन का राजकीय शोक, आज सारे स्कूल-कॉलेज, कार्यालय बंद रहेंगे
कल्याण सिंह के निधन पर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। सोमवार को सार्वजनिक अवकाश का भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है, यानी आज प्रदेश के सारे सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज बंद रहेंगे। भाजपा के जिला मुख्यालयों पर श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी।